उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में दिल्ली-आगरा यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कम विजिबिलिटी की वजह से पहले तीन कारें आपस में टकराईं, जिसके बाद पीछे से आ रही सात बसें (एक रोडवेज और छह स्लीपर बसें) उनसे जा भिड़ीं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहनों में आग लग गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसा बलदेव थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 127 के पास आगरा-नोएडा लेन पर सुबह करीब 4 बजे हुआ। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिससे चेन रिएक्शन की तरह वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए।
हादसे का नुकसान:
4 लोगों की मौत (कई जलकर मरे)
करीब 25 लोग घायल, जिन्हें मथुरा और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया
कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है
राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पा लिया गया और मलबा हटाने के बाद यातायात बहाल किया गया। मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि कम दृश्यता मुख्य कारण थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया और घायलों के इलाज के निर्देश दिए।
दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए इस भयंकर हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है. सीएम योगी ने अधिकारियों को हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं. वहीं, मृतक के परिवार को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है.