नई दिल्ली : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से गंभीर खतरे की आशंका है। केंद्रीय गृह मंत्रालय को मिले खुफिया इनपुट के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।
गृह मंत्रालय ने मध्य प्रदेश के डीजीपी, दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (सुरक्षा) और राज्य के मुख्य सचिव को तत्काल निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत भोपाल स्थित उनके आवास (74 बंगला, बी-8) के बाहर अतिरिक्त बैरिकेडिंग लगाई गई है, जबकि दिल्ली के सरकारी निवास पर भी सुरक्षा घेरा कड़ा किया गया है।
शिवराज सिंह चौहान पहले से ही Z+ श्रेणी की सुरक्षा में हैं, लेकिन नए इनपुट के बाद प्रवेश-निकास बिंदुओं पर सख्त चेकिंग और आसपास गश्त बढ़ा दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, ISI की ओर से मंत्री से जुड़ी जानकारियां जुटाने की कोशिशें सामने आई थीं, जिसे गंभीर खतरे के रूप में देखा जा रहा है।इसके बावजूद केंद्रीय मंत्री अपने सार्वजनिक कार्यक्रमों में सक्रिय हैं।
शनिवार को वे भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए।यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, और संबंधित एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं।