बिहार कैबिनेट के नए विभागों का हुआ बंटवारा, CM नीतीश कुमार के पास सिविल विमानन की जिम्मेदारी

पटना: बिहार सरकार ने हाल ही में गठित तीन नए विभागों का आवंटन कर दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सिविल विमानन विभाग को अपने पास रखा है, जबकि उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी शिक्षा मंत्री सुनील कुमार को और युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की कमान श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह टाइगर को सौंपी गई है।

यह फैसला 12 दिसंबर को मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के माध्यम से लिया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास पहले से ही सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी और निर्वाचन विभाग हैं। अब सिविल विमानन विभाग के जुड़ने से उनके पास कुल पांच प्रमुख विभाग हो गए हैं।

ये तीन नए विभाग – उच्च शिक्षा, युवा रोजगार एवं कौशल विकास तथा सिविल विमानन – 9 दिसंबर को कैबिनेट की बैठक में गठित किए गए थे। इनका उद्देश्य राज्य में युवाओं को एक करोड़ नौकरी-रोजगार के लक्ष्य को हासिल करना, उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना और हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देना है। सिविल विमानन विभाग से नए एयरपोर्ट्स के विकास और उद्योग-रोजगार को गति मिलने की उम्मीद है।