यूपी भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए पंकज चौधरी ने दाखिल किया नामांकन, सीएम योगी रहे मौजूद

लखनऊ: उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाला है। आज शनिवार को पार्टी मुख्यालय में नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई, जिसमें केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और महाराजगंज से सांसद पंकज चौधरी ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सीएम योगी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पंकज चौधरी के प्रस्तावक बने।चूंकि केवल पंकज चौधरी का ही एक नामांकन हुआ है, इसलिए उनका निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय माना जा रहा है।

कल 14 दिसंबर को लखनऊ में एक बड़े आयोजन में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल उनके नाम की औपचारिक घोषणा करेंगे।पंकज चौधरी कुर्मी (ओबीसी) समुदाय से आते हैं और पूर्वांचल के मजबूत नेता माने जाते हैं।

वह महाराजगंज से सात बार के सांसद हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी नेताओं में शुमार हैं। पार्टी की रणनीति में 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए ओबीसी चेहरे को मजबूत करने का फोकस है।

भाजपा की यह नियुक्ति 2027 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर की गई रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है, जिसमें ओबीसी वोट बैंक को मजबूत करने पर जोर है।