यूपी-बिहार समेत 11 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट, पंजाब-हरियाणा में कड़ाके की ठंड, यात्रा पर असर

यूपी : उत्तर भारत में सर्दी ने अब जोर पकड़ लिया है। भारतीय मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, दिल्ली, राजस्थान, झारखंड और तेलंगाना समेत 11 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड से तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है, जबकि यूपी के कानपुर में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री पर पहुंचा।

IMD के अनुसार, घना कोहरा 10-14 दिसंबर तक पूर्वी यूपी, बिहार, असम, मणिपुर, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में छाए रहने की संभावना है। इससे सुबह के समय दृश्यता 200-500 मीटर तक घट सकती है, जिससे हवाई, रेल और सड़क यातायात बाधित हो सकता है। पंजाब के आदमपुर में आज न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम का सबसे कम है।

कोल्ड वेव की चपेट में पंजाब (10-12 दिसंबर), हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली (11-12 दिसंबर), मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़-ओडिशा (9-12 दिसंबर) और तेलंगाना-विदर्भ (9-10 दिसंबर) रहेंगे। यूपी के कई जिलों जैसे कानपुर, मुजफ्फरनगर, इटावा, बरेली और मेरठ में तापमान 10 डिग्री से नीचे है। बिहार के पटना में 4 डिग्री तक गिरावट की आशंका है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है,
“वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से ठंड बढ़ रही है। यात्रियों को सतर्क रहना चाहिए, खासकर सुबह के समय। बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और घर से कम निकलने की सलाह दी जाती है।”

प्रशासन ने रैन बसेरों की व्यवस्था तेज कर दी है और ट्रैफिक पुलिस को फॉग लाइट्स का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं। औरमान-निकोबार में 11-14 दिसंबर तक तेज हवाओं और आंधी की चेतावनी भी जारी है।