नई दिल्ली: संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होते ही एक अनोखा विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस की वरिष्ठ सांसद रेणुका चौधरी ने सोमवार को अपने पालतू कुत्ते को संसद परिसर में कार के साथ ले जाने की कोशिश की, जिससे भाजपा ने जोरदार विरोध जताया। दुमरियागंज से भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने इसे ‘संसदीय विशेषाधिकार का दुरुपयोग’ बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
चौधरी ने बचाव में कहा, “कुत्ता छोटा सा है, काटता नहीं। असली काटने वाले तो संसद के अंदर बैठे हैं।” यह घटना सत्र के पहले दिन SIR मुद्दे पर हो रहे हंगामे के बीच हुई, जिससे सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित हो गई।
सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे हुई, लेकिन विपक्ष के नारों के बीच ही चौधरी का पालतू कुत्ता सुर्खियों में आ गया। चौधरी ने कुत्ते को अपनी कार में संसद परिसर में ले जाकर विजिटर्स गैलरी की ओर बढ़ने की कोशिश की। सुरक्षा कर्मियों ने इसे रोक लिया, लेकिन तब तक वीडियो वायरल हो चुका था।
चौधरी ने मीडिया से कहा, “सरकार को जानवर पसंद नहीं। यह मूक प्राणी कार में आया था। अगर पास बनवा दो तो बनवा लूं। क्या कोई कानून है जो रोकता हो?” उन्होंने तंज कसते हुए जोड़ा, “संसद में रोज काटने वाले बैठे हैं, हम तो एक निर्दोष जानवर की देखभाल कर रहे हैं। सरकार को और कोई काम नहीं?”
भाजपा का रिएक्शन: जगदंबिका पाल ने तुरंत प्रतिक्रिया दी, “रेणुका चौधरी ने संसद में कुत्ता ले जाना विशेषाधिकार का दुरुपयोग है। सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। संसद के नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं।” उन्होंने इसे सुरक्षा खतरे का भी बताया, क्योंकि पालतू जानवरों को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं है।
चौधरी का बचाव और भाजपा का पलटवार
चौधरी ने घटना को हल्का बताते हुए कहा कि कुत्ता घर भेज दिया गया। उन्होंने पीएम मोदी के ‘ड्रामा’ वाले बयान पर भी तंज कसा, “ड्रामा मास्टर हमें सिखाएंगे? वे तो अब साइकोलॉजिस्ट और कंसल्टेंट भी बन गए।” भाजपा ने इसे ‘अनुशासनहीनता’ करार दिया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “सदन में गंभीर मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, ऐसी घटनाएं अनावश्यक विवाद पैदा करती हैं।” लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदन में शांति की अपील की, लेकिन हंगामा जारी रहा।
संसदीय नियम: संसद के नियमों के अनुसार, पालतू जानवरों को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं। केवल सहायक उपकरण या मेडिकल जरूरत वाले जानवरों को छूट है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह घटना सत्र की गरमाहट को और बढ़ा सकती है।