मुंबई : बॉलीवुड के ग्रीक गॉड ऋतिक रोशन एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार उनकी फिल्मों के लिए नहीं बल्कि रियल एस्टेट निवेश के लिए। हाल ही में ऋतिक की दो कंपनियों ने मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में कुल 10 कमर्शियल ऑफिस यूनिट्स खरीदे हैं, जिनकी कीमत 28 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह खरीदारी रोशन परिवार की लगातार बढ़ती प्रॉपर्टी पोर्टफोलियो का हिस्सा है, जो हाल के दिनों में रियल एस्टेट बाजार में सक्रिय दिख रहा है।
ऋतिक रोशन की कंपनियों—एचआरएक्स डिजिटेक एलएलपी (जिसके पार्टनर ऋतिक और उनके पिता राकेश रोशन हैं) और फिल्मकुंज बॉम्बे प्राइवेट लिमिटेड (जिसकी मालकिन उनकी मां प्रमिला रोशन हैं)—ने यह डील की है। ये 10 ऑफिस यूनिट्स मुंबई के पॉपुलर अंधेरी वेस्ट इलाके की एक ही कमर्शियल बिल्डिंग में स्थित हैं। प्रत्येक यूनिट का साइज लगभग 300-400 वर्ग फीट के बीच है, जो स्टार्टअप्स और क्रिएटिव एजेंसियों के लिए आइडियल है।
डील हाल ही में रजिस्टर हुई है, और स्टांप ड्यूटी सहित कुल खर्च 28 करोड़ रुपये आंका गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, अंधेरी जैसे प्रीमियम लोकेशन में ऑफिस स्पेस की कीमत प्रति वर्ग फीट 20,000-25,000 रुपये तक है, जो इस निवेश को काफी आकर्षक बनाता है। रोशन परिवार ने पिछले कुछ दिनों में ही अतिरिक्त प्रॉपर्टीज में 25 करोड़ से ज्यादा का निवेश किया है, जिसमें राकेश रोशन और पत्नी पिंकी रोशन ने 5 यूनिट्स तथा बेटी सुनैना रोशन ने 2 यूनिट्स खरीदी हैं। कुल मिलाकर, परिवार ने 27 करोड़ की 7 अतिरिक्त प्रॉपर्टीज भी हासिल की हैं।
रोशन परिवार का रियल एस्टेट सफर
रोशन परिवार लंबे समय से रियल एस्टेट में निवेश करता रहा है। ऋतिक ने पिछले साल चांदीवली इलाके में ही अपनी कंपनी एचआरएक्स डिजिटेक के नाम से 5 ऑफिस यूनिट्स 37.75 करोड़ में खरीदी थीं। अगस्त 2025 में उसी बिल्डिंग में 3 और यूनिट्स 31 करोड़ में जोड़े गए। 2022 में लोअर परेल में 4 ऑफिस स्पेस 33 करोड़ में हासिल किए गए थे।
ये निवेश न सिर्फ कमर्शियल कमाई का स्रोत हैं, बल्कि परिवार की फिल्म प्रोडक्शन और ब्रांड एचआरएक्स (फिटनेस लाइन) के लिए भी उपयोगी साबित हो रहे हैं।
राकेश रोशन ने एक हालिया इंटरव्यू में कहा था कि रियल एस्टेट उनके लिए ‘सुरक्षित भविष्य’ का प्रतीक है। परिवार ने हाल ही में कुछ रेजिडेंशियल प्रॉपर्टीज भी बेचीं, जिनसे 6.75 करोड़ की कमाई हुई, जो अब कमर्शियल सेक्टर में लगाई जा रही है।