जोहान्सबर्ग : दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित G20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक विकास के नए पैरामीटर्स पर गहन चिंतन की वकालत की। सम्मेलन के सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने 6 महत्वाकांक्षी इनिशिएटिव प्रस्तुत किए, जो स्वास्थ्य, ज्ञान, कौशल, सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और तकनीकी सहयोग पर केंद्रित हैं। पीएम मोदी ने कहा, “वैश्विक विकास के मौजूदा मॉडल को पुनर्विचार की जरूरत है। हमारी सभ्यतागत मूल्य—जैसे समावेशिता, सततता और सहयोग—विश्व को नई दिशा दे सकते हैं।”
G20 वेन्यू पहुंचते ही पीएम मोदी का दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने ‘नमस्ते’ से स्वागत किया। इसके तुरंत बाद उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से अनौपचारिक मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच हल्की-फुल्की बातचीत और मुस्कुराहटों का आदान-प्रदान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मेलोनी ने पीएम को ‘नमस्ते’ कहा, जबकि मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा को गले लगाया। इसके अलावा पीएम ने ब्रिटेन के पीएम कीयर स्टार्मर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, मलेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से भी द्विपक्षीय चर्चा की।
6 नए इनिशिएटिव: विकास का भारतीय फॉर्मूला
पीएम मोदी ने G20 नेताओं को विकास के लिए एक समग्र रोडमैप सौंपा, जिसमें ये प्रमुख प्रस्ताव शामिल हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ये कदम ग्लोबल साउथ के देशों को सशक्त बनाएंगे और पर्यावरण-अर्थव्यवस्था के संतुलन को मजबूत करेंगे:
ग्लोबल ट्रेडिशनल नॉलेज रिपॉजिटरी: पारंपरिक ज्ञान को डिजिटल रूप से संरक्षित करने का प्रयास। यह सतत जीवनशैली के प्राचीन मॉडलों को भविष्य की पीढ़ियों तक पहुंचाएगा, जैसे जल संरक्षण और जैविक खेती के तरीके।
अफ्रीका स्किल्स मल्टीप्लायर इनिशिएटिव: ‘ट्रेन द ट्रेनर्स’ मॉडल पर आधारित, जिसका लक्ष्य अगले दशक में अफ्रीका में 10 लाख प्रमाणित ट्रेनर्स तैयार करना है। इससे लाखों युवाओं को कौशल प्रदान होगा और स्थानीय क्षमता बढ़ेगी।
ग्लोबल हेल्थकेयर रिस्पॉन्स टीम: महामारी जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया टीम। यह स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करेगा और विकासशील देशों को मजबूत बैकअप देगा।
ड्रग-टेरर नेक्सस काउंटर इनिशिएटिव: नशीले पदार्थों की तस्करी और आतंकवाद के चक्र को तोड़ने का G20 प्रयास। वित्त, शासन और सुरक्षा के उपकरणों का एकीकरण कर फेंटेनिल जैसी खतरनाक दवाओं का प्रसार रोका जाएगा।
ओपन सैटेलाइट डेटा पार्टनरशिप: G20 अंतरिक्ष एजेंसियों के सैटेलाइट डेटा को ग्लोबल साउथ के देशों के लिए खुला बनाना। कृषि, मत्स्य पालन और आपदा प्रबंधन में इसका उपयोग होगा।
क्रिटिकल मिनरल्स सर्कुलैरिटी इनिशिएटिव: रीसाइक्लिंग, अर्बन माइनिंग और सेकंड-लाइफ बैटरी प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा। स्वच्छ ऊर्जा और आपूर्ति श्रृंखला की विविधता पर फोकस।
अफ्रीका फोकस और त्रिपक्षीय साझेदारी
अफ्रीका में पहली बार हो रहे G20 को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने महाद्वीप की प्राकृतिक संसाधनों की लूट का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “अफ्रीका विकास और पर्यावरण के संतुलन का सही प्रतीक है।” इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा के नेताओं के साथ ‘ACITI’ (ऑस्ट्रेलिया-कनाडा-इंडिया टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन पार्टनरशिप) लॉन्च की गई, जो उभरती तकनीकों, AI और स्वच्छ ऊर्जा में सहयोग बढ़ाएगी।