अयोध्या राम मंदिर में ध्वजारोहण: सीएम योगी का भावुक संदेश, “नया इतिहास लिखने जा रही है अयोध्या”, 25 को होगा भव्य कार्यक्रम

अयोध्या : राम नगरी अयोध्या एक बार फिर भक्ति और उत्साह के रंग में रंगने जा रही है। आगामी 25 नवंबर को श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर से पहले आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन किए।

राम मंदिर पहुंचकर सीएम योगी ने सबसे पहले रामलला का दर्शन-पूजन किया और उसके बाद मंदिर परिसर में ध्वज स्थल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने भावुक संदेश देते हुए कहा,

अयोध्या नया इतिहास लिखने जा रही है। प्रभु श्रीराम की कृपा से आज पूरा विश्व राममय हो रहा है। 25 नवंबर का ध्वजारोहण कार्यक्रम सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की पुनर्जागरण का प्रतीक बनेगा।”

मुख्यमंत्री सबसे पहले अयोध्या पहुंचने वाले प्रमुख अतिथि बने। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को सुबह कार्यक्रम में शामिल होंगे और स्वयं ध्वज फहराएंगे। इसके बाद विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर
मंदिर ट्रस्ट ने 108 फीट ऊंचे ध्वजदंड पर भगवा ध्वज फहराने की पूरी तैयारी कर ली है।
देश-विदेश से हजारों रामभक्त 25 नवंबर को अयोध्या पहुंच रहे हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ड्रोन और AI कैमरों से निगरानी।
सारा शहर भगवा रंग और राम नाम की जयकारों से गूंज रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि यह ध्वजारोहण केवल एक ध्वज का आरोहण नहीं, बल्कि 500 वर्षों के संघर्ष की परिणति और रामराज्य की स्थापना का संकल्प है। अयोध्या एक बार फिर साक्षी बनने जा रही है उस क्षण की, जब प्रभु राम का भव्य ध्वज लहराएगा और पूरा देश रामनाम की गूंज से गूंजेगा।