पटना : बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ पर पहला प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए तेजस्वी ने नीतीश और नई कैबिनेट को बधाई दी, लेकिन साथ ही सरकार से वादों को पूरा करने की उम्मीद जताई।
ये बयान विपक्ष की तरफ से एक सकारात्मक लेकिन सतर्क संदेश है, जो एनडीए सरकार पर नजर रखने का इशारा देता है। शपथ ग्रहण समारोह के ठीक बाद आया ये पोस्ट राजनीतिक हलचलों को थोड़ा नरम बना गया।
तेजस्वी ने एक्स पर लिखा, “आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। मंत्रिपरिषद् के सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले बिहार सरकार के सभी मंत्रियों को हार्दिक शुभकामनाएँ। आशा है नई सरकार जिम्मेदारीपूर्ण लोगों की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतर अपने वादों एवं घोषणाओं को पूरा करेगी तथा बिहारवासियों के जीवन में सकारात्मक व गुणात्मक परिवर्तन लाएगी।” ये पोस्ट सुबह 8:26 बजे शेयर की गई, जिस पर 5 हजार से ज्यादा लाइक्स और 300 से ऊपर रीपोस्ट हो चुके हैं।
2025 बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 243 सीटों में से 202 पर कब्जा जमाया, जबकि महागठबंधन को सिर्फ 41 सीटें नसीब हुईं। तेजस्वी की अगुवाई वाली आरजेडी को 25 सीटें मिलीं, जो 2020 की 75 से काफी कम हैं। चुनाव से पहले तेजस्वी ने खुद को सीएम पद का दावेदार बताया था, लेकिन हार के बाद उन्होंने चुप्पी साध ली थी। आज का ये बयान उनका पहला सार्वजनिक प्रतिक्रिया है, जो बधाई के साथ-साथ सरकार पर जवाबदेही का दबाव डालता है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि ये पोस्ट विपक्ष की भूमिका को मजबूत करने की रणनीति है – न तो आक्रमक, न ही चुप।
नीतीश कुमार ने पटना के गांधी मैदान में पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा की मौजूदगी में शपथ ली। उनके साथ 26 मंत्रियों ने भी पदभार संभाला। एनडीए ने चुनाव में महिलाओं, युवाओं और गरीबों के वोटों पर फोकस किया था, जिसमें 10 लाख नौकरियां, मुफ्त बिजली और शिक्षा सुधार जैसे वादे प्रमुख थे। तेजस्वी का बयान इन्हीं वादों पर केंद्रित है, जो महागठबंधन के प्रचार का हिस्सा भी थे।