कानपुर : सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर भाजपाइयों ने रूमा एक्सिस कॉलेज से महाराजपुर टिकेश्वर धाम मंदिर तक एकता यात्रा यूनिटी मार्च निकाल कर एक भारत आत्मनिर्भर भारत का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने किया।
बताया कि यह यात्रा न केवल लौह पुरुष पटेल के योगदान को याद करने का अवसर है बल्कि ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के बीच आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने का भी माध्यम है। पदयात्रा के दौरान बिहारी गानों में झूमते हुए भाजपाई बिहार चुनाव की जीत की खुशी का इजहार भी कर रहे थे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, सुरेंद्र अवस्थी, विनय मिश्रा, रानू शुक्ला, अजय प्रताप सिंह, विनय प्रताप सिंह, कमलेश निषाद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
कानपुर देहात के भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान के नेतृत्व में पदयात्रा और जनसभा आयोजित की गई। कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर चर्चा की, साथ ही आत्मनिर्भर भारत के संकल्प पर जोर दिया।
कानपुर की गोविंदनगर विधानसभा में भी सरदार पटेल को समर्पित एक अलग पदयात्रा का आयोजन हुआ। यह यात्रा रामलला विद्यालय रावतपुर से प्रारंभ होकर रावतपुर बाजार, नमक फैक्ट्री चौराहा (पटेल चौक), डबल पुलिया, शास्त्री नगर छाया चौराहा, शास्त्री नगर पुलिस चौकी, ज्ञान निकेतन स्कूल, लक्ष्मी अतिथि गृह, लेबर कॉलोनी, राहुल स्वीट्स और विजयनगर गंदा नाला चौराहा होते हुए फल मंडी में सभा के रूप में समाप्त हुई। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री और भाजपा वरिष्ठ नेता डॉ. महेंद्र सिंह (एमएलसी) थे, जबकि स्थानीय विधायक सुरेंद्र मैथानी ने इसका नेतृत्व किया। इस यात्रा में स्थानीय भाजपा नेताओं, युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के सदस्यों ने भाग लिया।