बिहार चुनाव एग्जिट पोल : नीतीश कुमार सबसे आगे, लेकिन लालू-तेजस्वी यादव की लोकप्रियता ने चौंकाया!

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग के ठीक बाद जारी हुए एग्जिट पोल्स ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। जहां एक ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली एनडीए गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने की भविष्यवाणी की गई है, वहीं आरजेडी के युवा नेता तेजस्वी यादव की मुख्यमंत्री के रूप में पसंदीदगी ने सबको हैरान कर दिया।

एग्जिट पोल एजेंसी एक्सिस माई इंडिया के आंकड़ों के मुताबिक, 34% वोटर तेजस्वी को सीएम बनते देखना चाहते हैं, जबकि नीतीश को केवल 22% समर्थन मिला। लालू प्रसाद यादव के परिवार का यह दबदबा विपक्षी महागठबंधन (एमजीबी) के लिए उम्मीद की किरण जगा रहा है।

चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार बिहार में रिकॉर्ड 66.9% से अधिक वोटिंग हुई, जो 2020 के 57% से काफी ऊपर है। पहले चरण (6 नवंबर) में 65% और दूसरे चरण (11 नवंबर) में 67.14% मतदान दर्ज किया गया। कुल 243 सीटों पर सियासी जंग में एनडीए (जेडीयू-बीजेपी) और एमजीबी (आरजेडी-कांग्रेस) आमने-सामने हैं। प्राशांत किशोर की जन सुराज पार्टी (जेएसपी) का असर न के बराबर दिखा, जो एक बड़ा झटका है।

विभिन्न एजेंसियों के सर्वे में एनडीए को 122 से अधिक सीटें मिलने का अनुमान है, जो बहुमत के लिए जरूरी है। हालांकि, एक्सिस माई इंडिया ने एमजीबी को 98-118 सीटें दी हैं, जो इसे सबसे कड़ी टक्कर दे सकता है। टुडे चाणक्य ने एनडीए को करीब 160 सीटें तक की भविष्यवाणी की है। वोट शेयर में एनडीए को 43% और एमजीबी को 41% मिलने का अनुमान है।

तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “इस बार 72 लाख ज्यादा वोट पड़े हैं। ये वोट नीतीश को बचाने के लिए नहीं, बल्कि सरकार बदलने के लिए हैं।” आरजेडी को सिंगल लार्जेस्ट पार्टी (24% वोट शेयर) बनने का अनुमान है, जो लालू प्रसाद की सियासी विरासत को मजबूत करता है। लेकिन एंटी-इनकंबेंसी के बावजूद नीतीश का विकास मॉडल (सड़कें, बिजली, योजनाएं) और पीएम मोदी की ‘गारंटी’ ने एनडीए को संभाला।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ: एग्जिट पोल्स गलत भी हो सकते हैं
पिछले चुनावों में एग्जिट पोल्स कई बार चूक चुके हैं। बिहार जैसे जाति-आधारित राज्य में मुस्लिम-यादव (एमवाई) समीकरण एमजीबी के लिए फायदेमंद रहा, लेकिन ईबीसी और ऊपरी जातियों ने एनडीए को मजबूत किया। वोट गिनती 14 नवंबर को सुबह 8 बजे शुरू होगी, जिसके बाद सस्पेंस खत्म होगा।