बिहार एग्जिट पोल : NDA की बल्ले-बल्ले, नीतीश कुमार फिर CM? महागठबंधन को झटका

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग मंगलवार को 67% से ज्यादा टर्नआउट के साथ संपन्न हुई। मतगणना 14 नवंबर को होगी, लेकिन एग्जिट पोल्स ने साफ संकेत दे दिया है कि नीतीश कुमार की अगुवाई वाला NDA एक बार फिर सत्ता की कुर्सी पर काबिज हो सकता है।

ज्यादातर पोल्स में NDA को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान है, जबकि महागठबंधन (RJD, कांग्रेस और वाम दलों का गठबंधन) को करारा झटका लगने की बात कही जा रही है। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी (JSP) को भी कोई खास सफलता नहीं मिलने के संकेत हैं।

यह चुनाव बिहार की राजनीति का बड़ा मोड़ साबित हो सकता है। 2020 में NDA ने 125 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी थी, जबकि महागठबंधन को 110 मिलीं। इस बार के एग्जिट पोल्स NDA के पक्ष में ज्यादा मजबूत दिख रहे हैं, खासकर महिलाओं और ग्रामीण वोटरों के समर्थन से। NDA ने विकास, कानून-व्यवस्था और नीतीश के ‘सुशासन’ पर जोर दिया, वहीं महागठबंधन ने रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दे उठाए। लेकिन पोल्स के मुताबिक, वोटरों ने स्थिरता को तरजीह दी लगती है।

एग्जिट पोल्स के हिसाब से नीतीश कुमार 10वीं बार सीएम बन सकते हैं। लेकिन 2020 में पोल्स गलत हुए थे, इसलिए 14 नवंबर का इंतजार जरूरी। क्या NDA की बल्ले-बल्ले होगी, या महागठबंधन उलटफेर करेगा? नतीजे बताएंगे!