दिल्ली धमाके पर भूटान दौरे से पीएम मोदी ने दिया संदेश: “हर साजिशकर्ता को मिलेगी सजा, कोई छूट नहीं”

भूटान : राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोटक हमले पर भूटान की राजधानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को साफ शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “यह कायरतापूर्ण कृत्य पूरे देश को दुखी करने वाला है। मैं वादा करता हूं कि इस घटना के पीछे का हर हाथ कानून की गिरफ्त में आएगा।”

पीएम मोदी ने भूटान के साथ द्विपक्षीय बैठक के इतर संवाददाताओं से बातचीत में आगे जोड़ा, “हमारी सुरक्षा एजेंसियां पूरी ताकत से लगी हैं। सबूत मिलते ही कार्रवाई होगी—कोई बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने कहा, “यह घटना इतनी दर्दनाक है कि मैं भारी मन से यहां आया हूं। पूरी रात जांच एजेंसियों के साथ मीटिंग में रहा। पूरा राष्ट्र पीड़ितों के साथ है—मैं उनका दर्द महसूस करता हूं।”

पीएम ने जोर देकर कहा, “हमारी एजेंसियां इस कृत्य की हर परत खोलेंगी। हर साजिशकर्ता को सजा मिलेगी—कोई छूट नहीं। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को बताया कि इस घटना में अब तक 12 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 20 से अधिक घायल हैं। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, और उन्हें लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल सहित विभिन्न चिकित्सा केंद्रों में उपचार दिया जा रहा है।

आंखों देखा हाल बताने वाले एक व्यक्ति ने कहा, “धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि लगा आसमान फट गया। धुंआ और आग का गुबार उठा, और चीख-पुकार मच गई।” फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की 30-40 टीमें घटनास्थल पर तुरंत पहुंचीं, लेकिन तब तक तबाही मच चुकी थी। दिल्ली मेट्रो ने लाल किला स्टेशन को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया है, फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुड़ गई हैं।