नई दिल्ली, : दिल्ली के लाल किले मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोटक हमले पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा की इस दर्दनाक घटना के पीछे जिम्मेदार हर शख्स को सख्ती से सजा मिलेगी। उन्होंने कहा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।”
राजनाथ सिंह ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा की दिल्ली ब्लास्ट में मारे गए सभी लोगों के प्रति मैं अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि इस गहन दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों को शक्ति और सांत्वना प्रदान करें।”
भगवान उन्हें इस दुख से लड़ने की क्षमता दे” उन्होंने आगे जोर देकर कहा, “मैं देशवासियों को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि जांच के नतीजे जल्द ही सामने आ जाएंगे और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। देश की शीर्ष जांच एजेंसियां इस मामले में तेजी से काम कर रही हैं।”
सिंह ने एक संक्षिप्त मीडिया बातचीत में आगे बताया, “हमारी एजेंसियां दिन-रात काम कर रही हैं। जैसे ही ठोस सबूत मिलेंगे, दोषियों पर कानून का पूरा जोर लगेगा।” उनके इस बयान से सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ा है, जबकि राजधानी में अलर्ट और सख्त कर दिया गया है। इस हमले में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हैं।
दिल्ली पुलिस ने यूएपीए और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है, जबकि एनआईए और एनएसजी की टीमें जांच में जुड़ चुकी हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सोमवार रात को उच्च स्तरीय बैठक बुलाई, जिसमें दिल्ली के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट जारी है, और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।