देश में दो बड़ी आतंकी साजिशें नाकाम, फरीदाबाद में डॉक्टर के घर से 300 किलो RDX और 2 AK-47 बरामद

फरीदाबाद : देश में आतंकी संगठनों की बड़ी साजिशों का जाल एक बार फिर बेनकाब हुआ है। एक ओर जहां जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद में छापा मारकर 300 किलोग्राम आरडीएक्स, एके-47 राइफल और सैकड़ों कारतूस बरामद किए। वहीं दूसरी ओर गुजरात एटीएस ने रासायनिक जहर से हमला करने की योजना बना रहे एक डॉक्टर समेत तीन संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों ही मामलों में पुलिस और खुफिया एजेंसियों की सतर्कता से देश में बड़ा धमाका और जनहानि होने से टल गई। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि पकड़े गए आरोपी डॉक्टर अपने-अपने नेटवर्क के जरिए देश को दहलाने की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में करीब 300 किलोग्राम आरडीएक्स, एके-47 राइफल, 84 कारतूस और पांच लीटर केमिकल मिला है।

ये बरामदगी डॉक्टर मुजाहिल शकील की निशानदेही पर की गई। बताया जा रहा है कि डॉक्टर ने तीन महीने पहले यह कमरा किराए पर लिया था और मकान मालिक से कहा था कि इसमें उसका निजी सामान रहेगा। सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह पुलिस की 10 से ज्यादा गाड़ियां फरीदाबाद के एक कमरे पर पहुंचीं और डॉक्टर की मौजूदगी में तलाशी ली।

दूसरी ओर, जांच एजेंसियां श्रीनगर के डॉ. आदिल के कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं। डॉ. आदिल पर आरोप है कि उसने श्रीनगर में जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाए थे। उसे तीन दिन पहले श्रीनगर पुलिस ने सहारनपुर में एक अस्पताल से गिरफ्तार किया था। डॉ. आदिल के घर की तलाशी में भी एके-47 राइफल मिली है। एजेंसियां अब सहारनपुर से लेकर अनंतनाग तक उसके नेटवर्क की जांच कर रही हैं।

गुजरात में जहर से हमला करने की साजिश नाकाम इधर, गुजरात एटीएस ने अहमदाबाद में एक डॉक्टर समेत तीन संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये लोग देश में ‘जहर’ के जरिये आतंकी हमला करने की तैयारी में थे। आरोपियों के पास से तीन विदेशी पिस्तौल, 30 कारतूस और चार लीटर कैस्टर ऑयल बरामद हुआ है। इसका इस्तेमाल ‘रिकिन’ नामक घातक रासायनिक जहर बनाने में होता है। रिकिन एक बेहद खतरनाक जहर है, जो शरीर में प्रवेश करने पर कोशिकाओं में प्रोटीन बनने की प्रक्रिया रोक देता है। इससे शरीर के अंग काम करना बंद कर देते हैं।