सीमांचल से गरजे अमित शाह- घुसपैठियों का अड्डा बनाना चाहते हैं राहुल-तेजस्वी, बिहार को फिर से आगे बढ़ाएंगे

सीमांचल : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को बिहार के बनमनखी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा है कि एनडीए पांच पांडवों की तरह है। उन्होंने दावा किया कि इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में 160 से ज्यादा सीटों के साथ एनडीए की सरकार बनने वाली है।

गृह मंत्री ने कहा कि आधे बिहार ने वोट डाल दिए हैं। पहले चरण के चुनाव में लालू यादव और राहुल गांधी की पार्टी का सूपड़ा साफ हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार बहुत आगे बढ़कर एक विकसित राज्य बनने जा रहा है।

राजद के कार्यकाल को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “लालू-रबड़ी के राज में यहां दिनदहाड़े एमएलए की हत्या होती थी। लूट, हत्या, फिरौती और अपहरण की इंडस्ट्रीज चलती थी। लेकिन अब नीतीश कुमार जी ने जंगलराज को समाप्त कर दिया है।” उन्होंने बिहार के मतदाताओं से कहा कि ‘जंगलराज’ भेष बदलकर, कपड़े बदलकर और चेहरा बदलकर फिर से आने की कोशिश कर रहा है। इसलिए आपका एक-एक बटन ‘जंगलराज’ को फिर आने से रोकने का काम करेगा।

रैली के दौरान, अमित शाह ने शहाबुद्दीन के बेटे को टिकट दिए जाने पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “लालू यादव की पार्टी ने सीवान में शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को टिकट दिया है और टिकट देते समय लालू यादव के बेटे ने नारा लगाया कि शहाबुद्दीन अमर रहे।” तेजस्वी यादव का नाम लेते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “सुन लो तेजस्वी बाबू, इस बिहार की भूमि पर, सिवान की भूमि पर कोई ओसामा और शहाबुद्दीन की जगह नहीं बची है।”