नई दिल्ली : व्हाट्सएप का इस्तेमाल आज भारत समेत दुनियाभर में करोड़ों लोग कर रहे हैं। कंपनी भी यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर करने के लिए एक के बाद एक नए-नए फीचर्स पेश कर रही है। वहीं, अब एक हालिया रिपोर्ट से पता चलता है कि जल्द ही कंपनी एक नया सिक्योरिटी फीचर लाने की तैयारी में है, जो यूजर्स को साइबर अटैक्स से बचाने में मदद करेगा।
दरअसल कंपनी Strict Account Settings नाम से एक नया फीचर लेकर आ रही है। इसे खास तौर पर उन यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है जो टारगेटेड साइबर अटैक के खतरे में हो सकते हैं। ये नया फीचर WABetaInfo नाम के फीचर ट्रैकर ने WhatsApp beta के Android 2.25.33.4 वर्जन में देखा गया है। फिलहाल ये फीचर टेस्टिंग में नहीं बल्कि डेवलपमेंट स्टेज में है।
इस नए फीचर को स्ट्रिक्ट अकाउंट सेटिंग मोड कहा जा रहा है. कंपनी अभी इस फीचर पर काम कर रही है और यूजर्स के लिए रोल आउट होने में इसे कुछ समय लग सकता है. इस फीचर के आने से ऐप की सारी सिक्योरिटी सेटिंग को एक ही टॉगल से अप्लाई किया जा सकेगा. इससे यूजर्स को अलग-अलग प्राइवेसी ऑप्शन और सेटिंग सेट नहीं करनी पड़ेगी. इस मोड को एक्टिवेट करने पर यूजर का IP एड्रेस प्रोटेक्ट हो जाएगा और कोई लोकेशन डेटा के आधार पर यूजर को ट्रैक भी नहीं कर पाएगा.
नए फीचर में सेटिंग को एक्टिवेट करने के बाद किसी भी अनजान नंबर से आने वाली फाइल्स, फोटो और वीडियो ब्लॉक हो जाएंगी, जिससे डिवाइस में मालवेयर इंस्टॉल होने का खतरा टल जाएगा. अनजान नंबर से यूजर के पास सिर्फ टेक्स्ट मैसेज आ सकेंगे. इसके अलावा कंपनी लिंक प्रीव्यू को भी डिसेबल करने पर विचार कर रही है.
नए फीचर में अनजान नंबरों से आने वाली कॉल्स को म्यूट करने का भी ऑप्शन होगा ताकि यूजर्स को स्पैम, स्कैम और जीरो-क्लिक अटैक आदि से बचाया जा सके. इसके अलावा यूजर्स की फोटो, स्टेटस और लास्ट सीन जैसी जानकारी भी सिर्फ कॉन्टैक्ट के अलावा किसी और को नहीं दिखेगी. इस तरह देखा जाए तो प्राइवेसी और सिक्योरिटी से जुड़ी सारी सेटिंग एक ही टॉगल से एक्टिवेट की जा सकेंगी.