बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 18 जिलों की 121 सीटों पर आज (गुरुवार) मतदान हो रहा है. शाम तक वोटिंग होगी. मतदान केंद्रों पर वोट देने के लिए सुबह से मतदाताओं की भीड़ उमड़ रही है. शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए कर्मी जुटे हैं.
पटना में लालू परिवार ने मतदान केंद्र पर जाकर वोट डाला. लालू यादव, रोहिणी आचार्य, तेजस्वी यादव, मीसा भारती ने तस्वीरें शेयर की हैं. एक फोटो में तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव भी नजर आ रही हैं. उन्होंने भी वोट दिया है.
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी अपने आवास से निकलकर मतदान किया। उन्होंने अपने बेटों तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह चुनाव बिहार के विकास और सम्मान का चुनाव है। राबड़ी देवी ने महिलाओं से घरों से बाहर निकलकर वोट देने की अपील करते हुए कहा कि “बिहार की आधी आबादी अब चुप नहीं रहेगी, उसे अपनी आवाज मतदान से उठानी होगी।”
रोहिणी आचार्य ने तस्वीर शेयर कर एक्स पर लिखा, “बदलेगा बिहार, बदलें सरकार, बिहार की जागरूक जनता जनार्दन से करबद्ध अनुरोध है कि बिहार बदलने हेतु राष्ट्रीय जनता दल- महागठबंधन/इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में सक्रियता से, आगे आ कर, बढ़-चढ़कर मतदान करें और बिहार में पढ़ाई, दवाई, कमाई, सुनवाई, कार्रवाई के प्रण वाली तेजस्वी सरकार का आना सुनिश्चित करें.”