हरियाणा में वोट चोरी पर राहुल गांधी का बड़ा खुलासा, कहा- 25 लाख वोटों की चोरी हुई, कांग्रेस 8 सीटों पर सिर्फ 22 हजार से हारी

बिहार : बिहार में गुरुवार को होने वाली वोटिंग से पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने हरियाणा चुनावों में चुनावी अनियमितताओं का दावा किया और कहा कि कांग्रेस की जीत को बीजेपी की जीत में बदलने की योजना बनाई गई है. राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य ‘नष्ट’ किया जा रहा है. राहुल ने ये भी दावा किया कि हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी हुए और कांग्रेस 8 सीटों पर 22 हजार वोटों से हारी.

राहुल ने कहा कि हरियाणा- महाराष्ट्र, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ में हमने वोटों की चोरी पकड़ी. उन्होंने कहा कि जब मैंने आकंड़े देखे तो भरोसा नहीं हुआ. आप भी विश्वास नहीं करेंगे. अपनी टीम को मैंने बोला कि पूरे आंकड़ों को हर सोर्स से डबल क्रॉस चेक कीजिएगा.

कांग्रेस सांसद ने कहा कि मैं चाहता हूं कि भारत के युवा इसे अच्छी तरह समझें क्योंकि यह आपके भविष्य का सवाल है… मैं चुनाव आयोग और भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा हूं, इसलिए मैं इसे 100% प्रमाण के साथ कर रहा हूं. हमें पूरा यकीन है कि कांग्रेस की भारी जीत को हार में बदलने की एक योजना बनाई गई थी.

राहुल गांधी ने कहा, सभी (एग्जिट) पोल ने कांग्रेस की जीत (हरियाणा में) की ओर इशारा किया था… दूसरी बात जो हमारे लिए आश्चर्यजनक थी, वह यह थी कि हरियाणा के चुनावी इतिहास में पहली बार डाक से वोट वास्तविक मतदान से अलग थे. हरियाणा में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था. इसलिए, हमने सोचा कि आइए विस्तार से जानें. जब मैंने पहली बार यह जानकारी देखी, जो आप देखने जा रहे हैं, तो मुझे इस पर विश्वास करने में कठिनाई हुई. मैं सदमे में था… मैंने टीम को कई बार क्रॉस-चेक करने के लिए कहा.

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, हमारे पास ‘एच’ फाइल्स हैं और यह इस बारे में है कि कैसे एक पूरे राज्य को चुरा लिया गया है. हमें संदेह था कि यह व्यक्तिगत निर्वाचन क्षेत्रों में नहीं, बल्कि राज्य स्तर पर और राष्ट्रीय स्तर पर हो रहा है. हमें हरियाणा में हमारे उम्मीदवारों से बहुत सारी शिकायतें मिलीं कि कुछ गड़बड़ है और काम नहीं कर रहा है.

‘एक महिला 223 बार कैसे वोट डाल सकती है’

राहुल ने कहा कि एक महिला 223 बार कैसे वोट डाल सकती है. दो बूथ पर इतनी बार कोई कैसे वोट डाल सकता है. नकली फोटो वाले वोट 1 लाख से ज्यादा हैं. एक आदमी 14 बार वोट कर रहा है. ईसी डुप्लीकेट्स को क्यों नहीं हटाते, क्योंकि उनको निष्पक्ष चुनाव कराने पड़ेंगे, जोकि वो चाहते नहीं हैं. बीजेपी के नेता यूपी में भी वोट कर रहे हैं. हरियाणा में भी वोट कर रहे हैं. राहुल ने दावा किया कि हरियाणा की मतदाता सूची में आठ में से एक मतदाता फर्जी हैं.

‘25 लाख वोट चोरी हुए‘
राहुल गांधी ने हरियाणा में 25 लाख वोटों की चोरी का दावा किया. उन्होंने कहा है कि इसमें 5.21 लाख नकली मतदाता, 93,174 अवैध मतदाता और 19.26 लाख थोक मतदाता शामिल हैं. राहुल गांधी ने दावा किया कि हरियाणा में एक ही फोटो वाले दो बूथों पर एक ही व्यक्ति को 223 वोट मिले, इसलिए चुनाव आयोग ने सीसीटीवी फुटेज नष्ट कर दी.

राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया था. पार्टी ने लिखा, हाइड्रोजन बम आ रहा है. कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने एक्स पर लिखा, हाइड्रोजन बम लोडिंग. 1 सितंबर को राहुल गांधी ने बीजेपी को चेतावनी देते हुए कहा था कि वह वोट चोरी के अपने आरोपों के बारे में जल्द ही हाइड्रोजन बम छोड़ेंगे, क्योंकि महादेवपुरा के बारे में जो दिखाया गया वो सिर्फ एक एटम बम था.