तेलंगाना : तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब गिट्टी से लदे एक ट्रक की राज्य परिवहन निगम की बस से आमने-सामने की टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार, इस भीषण हादसे में कम से कम 20 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। यह बस तांडूर डिपो की थी, जो करीब 70 यात्रियों को लेकर हैदराबाद जा रही थी।
यह दुर्घटना चेवेल्ला मंडल के मिर्जागुड़ा गांव के पास हुई, जब सामने से आ रही लॉरी बस से टकराकर उसी पर पलट गई। पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि लॉरी का गिट्टी से भरा पूरा लोड बस पर गिर गया, जिससे कई यात्री अंदर ही दब गए। चश्मदीदों के अनुसार, दुर्घटनास्थल पर दिल दहला देने वाला मंजर था, जहाँ यात्री मदद के लिए चीख रहे थे और स्थानीय लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़े।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और मलबा हटाने तथा फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए तीन JCB मशीनों का इस्तेमाल किया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हैदराबाद के बड़े अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है, जबकि बाकी को चेवेल्ला सरकारी अस्पताल ले जाया गया है।
बचाव अभियान के दौरान, चेवेल्ला सर्कल इंस्पेक्टर भूपाल श्रीधर भी JCB की चपेट में आने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए चेवेल्ला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस कंडक्टर राधा समेत 15 यात्रियों को पुलिस ने सुरक्षित निकालने में कामयाबी हासिल की।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मुख्य सचिव के रामकृष्ण राव तथा पुलिस महानिदेशक बी शिवधर रेड्डी को तत्काल बचाव और राहत उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने घायलों को बिना देरी किए बेहतर चिकित्सा के लिए हैदराबाद स्थानांतरित करने का भी आदेश दिया है।