बाबा बागेश्वर की पदयात्रा 3 राज्यों की 422 पंचायतों से गुजरेगी,मुस्लिम समुदाय का सपोर्ट, दिल्ली से वृंदावन धाम तक साथ चलेंगे

यूपी : बागेश्वर धाम पीठाधीश पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पत्रकारों से रु-ब-रु होते हुए 7 से 16 नवंबर तक दिल्ली से वृंदावन तक चलने वाली सनातन हिंदू एकता पदयात्रा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिंदू बहुसंख्यक देश में हिंदुओं को सुनियोजित ढंग से आपस में लड़वाया गया है ताकि इनमें कभी एकजुटता न हो सके। उन्होंने कहा कि वे 80 करोड़ हिंदुओं की लड़ाई लड़ रहे हैं। जात-पात में बिखरे हिंदुओं को एकजुट करने का संकल्प लेकर यात्रा में निकले हैं।

बागेश्वर महाराज ने कहा कि जो भी हिंदुत्ववादी विचारधारा का है वह यात्रा में सहयोग करें, क्योंकि यह यात्रा किसी एक व्यक्ति की नहीं है सभी हिंदुओं की है। उन्होंने देश-विदेश में रहने वाले हिंदुओं का आह्वान करते हुए कहा कि 7 नवंबर से 16 नवंबर तक की यात्रा में कम से कम एक दिन के लिए वे अवश्य आएं, किसी परिस्थिति में यदि कोई व्यक्ति नहीं आ पा रहा है तो वह घर बैठे भी यात्रा का समर्थन कर सकता है।

बागेश्वर महाराज ने कहा कि यह पहला अवसर है जब उनकी यात्रा का समर्थन इस्लाम धर्म के लोगों ने किया है। फैज खान के नेतृत्व में तीन सैकड़ा से अधिक मुस्लिम समाज के लोग यात्रा में चलेंगे। विगत दिनों दिल्ली में मुस्लिम समाज के लोगों के साथ महाराज ने बैठक की थी।मुस्लिम समाज के लोगों का कहना है कि सनातन हिंदू एकता पदयात्रा के माध्यम से लोगों को जोड़ने का काम किया जा रहा है इसलिए हम यात्रा में साथ रहेंगे।

बागेश्वर महाराज ने कहा कि जातियों का अहंकार शून्य करने के लिए सनातन हिंदू एकता पदयात्रा निकल रही है। भेदभाव, क्षेत्रवाद, भाषावाद खत्म करने का संदेश जन जन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश की 422 ग्राम पंचायतों के अलावा नगरों, कस्बों सहित करीब 5 करोड़ की आबादी तक यात्रा का संदेश पहुंचाने का प्रयास होगा।