बिहार चुनाव : आरा की रैली में बोले PM मोदी-‘दिल्ली में बैठकर गणित निकालने वाले लोग यहांआकर देखें हवा का रुख क्या है’

बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव की उलटी गिनती के बीच राज्य में चुनावी रौनक अपने चरम पर पहुंच चुकी है। रैलियों, रोड शो और जनसभाओं के जरिए जनता को लुभाने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज बिहार के आरा और पटना में दौरा खास तौर पर सुर्खियों में है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आरा में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और शाम को पटना में रोड शो के जरिए जनता से सीधा संवाद करने का कार्यक्रम है। इसके अलावा पीएम का पटना के गुरुद्वारा में प्रार्थना का भी कार्यक्रम है, जिससे सिख समुदाय को साधने की कोशिश भी साफ दिख रही है।

आरा जिले में आयोजित प्रधानमंत्री की जनसभा में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने सीधे आरजेडी और महागठबंधन को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के नेताओं ने बिहार को अंधेरे में धकेला, जबकि एनडीए सरकार ने राज्य को विकास की राह पर आगे बढ़ाया। पीएम ने कहा, “एनडीए का संकल्प पत्र केवल वादों का पिटारा नहीं है, बल्कि सामाजिक न्याय के साथ बिहार के सर्वांगीण विकास की गारंटी देता है।”

आरा की सभा में प्रधानमंत्री ने किसानों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य में नई एनडीए सरकार आने के बाद पीएम किसान सम्मान निधि के तहत मिलने वाली ₹6000 राशि में राज्य सरकार की ओर से ₹3000 रुपये और जोड़े जाएंगे। यानी बिहार के छोटे और मझोले किसानों को अब सालाना ₹9000 का सीधा आर्थिक लाभ मिल सकेगा। यह घोषणा चुनावी मौसम में किसानों को आकर्षित करने की बड़ी कोशिश मानी जा रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “मोदी ने धारा 370 हटाने की गारंटी दी थी और वो पूरी की. आज जम्मू-कश्मीर में भारत का संविधान लागू है.” उन्होंने वन रैंक वन पेंशन का वादा पूरा करने की बात भी दोहराई.

आर्थिक मोर्चे पर मोदी ने कहा, “बिहार में अब तक 60 लाख गरीब परिवारों को पक्का घर दिया गया है. पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को अब सालाना 9,000 रुपये मिलेंगे.” उन्होंने दावा किया, “आने वाले वर्ष में एक करोड़ रोजगार दिए जाएंगे, जिसका प्लान जनता के सामने रखा गया है.”