उदयपुर में पुलिस की सख्त कार्रवाई, फायरिंग करने वाले बदमाशों का सिर मुंडवाकर शहर में घुमाया-महिला के वेश में निकाली परेड

उदयपुर : राजस्थान के उदयपुर में शनिवार को पुलिस ने पांच बदमाशों का ऐसा जुलूस निकाला, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. ये वही आरोपी थे जिन्होंने कुछ दिन पहले होथीपोल इलाके में खुलेआम हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी थी.

पुलिस ने आरोपियों के सिर मुंडवाकर सलवार सूट पहनाए और उन्हें शहर के भीड़भाड़ वाले बाजारों में पैदल घुमाया. पुलिस के इस कदम से शहरभर में चर्चा छिड़ गई है. पुलिस के मुताबिक ये सभी शातिर अपराधी हैं, इन सभी ने इलाके में दहशत फैला रखी थी.इन पर दर्जन भर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. सभी पर सख्त कार्रवाई भी होगी.

उदयपुर में शनिवार का दिन चर्चा का विषय बन गया जब पुलिस ने पांच बदमाशों का जुलूस शहर के बाजारों में निकाला. यह वही आरोपी हैं जिन्होंने कुछ दिन पहले होथीपोल स्थित राजदर्शन होटल के बाहर हवाई फायरिंग की थी. घटना के वक्त होटल के बाहर मलिक हुसैन अपने साथियों के साथ खड़ा था, तभी बाइकों पर सवार ये बदमाश पहुंचे, गाली-गलौज की, और फिर हवा में फायर झोंक दिए. गोली चलने की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा था.

घटना के बाद उदयपुर पुलिस ने इस वारदात को गंभीरता से लिया और बदमाशों को दबोचने के लिए विशेष टीम गठित की. कुछ ही दिनों में पुलिस ने माजिद, राहिल, दानिश, नदीम और साकिर को गिरफ्तार कर लिया.

डीएसपी कैलाश खटीक ने बताया कि ये सभी शहर के शातिर बदमाश हैं, जिनके खिलाफ घंटाघर और अन्य थानों में 15 से 20 मामले दर्ज हैं जिनमें मारपीट, फायरिंग और डराने-धमकाने के आरोप शामिल हैं. शनिवार को पुलिस ने इन आरोपियों के सिर मुंडवाए, सलवार सूट पहनाए और उन्हें बाजारों में पैदल घुमाया. इस दृश्य को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई. कुछ ने वीडियो बनाए तो कुछ ने तालियां बजाकर पुलिस की कार्रवाई की सराहना की.