आंध्र प्रदेश के वेंकटेश्वर मंदिर में एकादशी पर मची भगदड़, बिखरी पड़ीं लाशें, सामने आए दिल दहलाने वाली तस्वीरें

आंध्र प्रदेश : आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम के वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर से भगदड़ की बड़ी घटना सामने आई है। इस भगदड़ में 9 श्रद्धालुओं की मौत हुई, जबकि कुछ लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

यह भयानक हादसा कार्तिक मास की एकादशी के पावन अवसर पर हुआ, जब मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। अब तक सामने आई रिपोर्ट्स के अनुसार मंदिर परिसर के प्रवेश द्वार के पास अचानक लोगों का दबाव बढ़ गया। इससे अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति बन गई। कई लोग नीचे गिर पड़े और उनके ऊपर भीड़ चढ़ती चली गई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।

मंदिर की ओर से इतनी बड़ी भीड़ जुटने की अनुमति नहीं ली गई थी. सरकार को इस बारे में सूचित नहीं किया गया था. ये बात भी सामने आई है कि जहां तीर्थयात्री एकत्रित हुए थे, वहां निर्माण कार्य चल रहा था. भगदड़ की एक वजह यह भी हो सकती है. आरटीजीएस मंत्री के रूप में मंत्री लोकेश दुर्घटना की जांच करवा रहे हैं.

मंदिर को खुले हुए अभी केवल चार महीने ही हुए हैं और निर्माण अभी भी पूरा नहीं हुआ है. मंदिर में प्रवेश और निकास का अभी एक ही मांग है. मंदिर की जो स्टील की रेलिंग लगाई गई थी, वह भी टूट गई, इसलिए लोग एक साथ अंदर घुस गए, जिससे भगदड़ मच गई.

कासीबुग्गा कस्बे के 80 वर्षीय मुकुंद पांडा ने अपने खेत में भगवान वेंकटेश्वर को समर्पित ये मंदिर बनवाया है, जिसका मॉडल तिरुपति वेंकटेश्वर मंदिर की तर्ज पर है. यह मंदिर इस क्षेत्र में “छोटे तिरुपति” के नाम से प्रसिद्ध हो गया है. आज कार्तिक एकादशी और शनिवार होने के कारण, भगवान के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त एकत्रित हुए थे.