बिहार चुनाव: अखिलेश यादव बिहार में खेसारी लाल यादव के लिए प्रचार करेंगे, कई चुनावी रैलियों को करेंगे संबोधित

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव कहा कि वह बिहार में भोजपुरी फिल्म स्टार और राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार खेसारी लाल यादव के लिए प्रचार करेंगे। उन्होंने बिहार की बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति और सरकार की कथित नाकामियों को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाले राजग गठबंधन पर तीखा हमला किया।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने फिल्म स्टार और गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन पर उनके निर्वाचन क्षेत्र की तुलना स्पेन से करने को लेकर भी निशाना साधा। यहां समाजवादी पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में यादव ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार उन्हीं मुद्दों को हल करने में नाकाम रही है जिन्हें वह अब बिहार में उठा रही है। यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कहा,” भाजपा जिन मुद्दों को उठा रही है। उसके लिए भाजपा की केन्द्र सरकार ने इतने वर्षों में क्या किया।

बिहार में कानून व्यवस्था खराब है। हत्याएं हो रहीं है। चुनाव के दौरान हत्या हो गयी। यें घटनाएं बिहार में राज्य सरकार और केन्द्र सरकार की कार्य प्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगा रही हैं। कानून व्यवस्था पर दूसरों से सवाल पूछने वालों की सरकार में क्या हो रहा है।” उन्होंने गैंगस्टर से नेता बने दुलार चंद यादव की बृहस्पतिवार को पटना के पास हत्या का ज़िक्र करते हुए यह कहा।

उन्होंने कहा, “चुनाव के समय एक नेता की हत्या बिहार में राज्य और केंद्र दोनों सरकारों के काम करने के तरीके पर गंभीर सवाल उठाती है। वहां हालात खराब हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह से खत्म हो गई है।

समाजवादी पार्टी के एक बयान के मुताबिक, अखिलेश यादव बिहार में विधानसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में एक से पांच नवंबर तक प्रचार करेंगे। यादव अपने पांच दिन के दौरे में कई चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे, जिसमें पूर्णिया, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, सारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई, बांका और भागलपुर जैसे कई जिले शामिल हैं।

पार्टी ने कहा कि यादव का प्रचार एक नवंबर को पूर्णिया, मधुबनी और दरभंगा में जनसभा के साथ शुरू होगा तथा पांच नवंबर को भागलपुर में खत्म होगा। समाजवादी पार्टी विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है। सपा ने कहा कि यादव मतदाताओं से गठबंधन के उम्मीदवारों को समर्थन करने की अपील करेंगे।