यूपी : उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव सिंह गोंड के वाहन पर रात दबंगों ने हमला कर दिया। वह जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संजीव तिवारी के साथ रॉबर्ट्सगंज से डाला स्थित अपने आवास पर लौट रहे थे।
दबंगों ने उनके वाहन को ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की। शीशा और बोनट पर मुक्के से हमला किया। पुलिस ने इस मामले में लखनऊ नंबर की एक कार को कब्जे में लिया है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं केस दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड ने बताया कि वह जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संजीव तिवारी के साथ रॉबर्ट्सगंज से डाला लौट रहे थे। लोढ़ी में टोल प्लाजा पार करने के बाद लखनऊ नंबर की एक कार उनके पीछे लग गई। रास्ते में कई जगह ओवरटेक कर उनके वाहन को रोकने का प्रयास किया। चोपन पुल से पहले कार सवार रुके।
विज्ञापन
इस दौरान एस्कार्ट के आगे निकलने के बाद ब्रेकर पर जैसे ही मंत्री के वाहन की गति धीमी हुई तो वह सामने आ गए। वाहन को रोकने की कोशिश करते हुए बोनट और शीशे पर मुक्का मारने लगे। उनकी मंशा भांपते हुए चालक ने गाड़ी को आगे बढ़ा दिया। सोन नदी पुल पार करते ही बैरियर पर वाहन रोककर मंत्री ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, मंत्री अपने सहयोगियों के साथ यात्रा कर रहे थे, तभी एक वाहन (UP32KP1042) ने उनकी एस्कॉर्ट गाड़ी को ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। चोपन पुलिस ने चेकिंग के दौरान वाहन सहित उसके मालिक अंकित मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। वाहन में दुद्धी निवासी शुभम सोनी और पंकज अग्रहरि भी मौजूद थे। पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है।