गुजरात : आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को दावा किया कि यदि एक दिन के लिए भी पुलिस हटा दी जाए तो गुजरात के किसान भाजपा नेताओं को उनके घरों से निकालकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटेंगे।
केजरीवाल सुरेंद्रनगर जिले के सुदामदा गांव में पार्टी सहयोगी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में आयोजित ‘किसान महापंचायत’ को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन पड़ोसी बोटाद जिले में ‘आप’ द्वारा आयोजित एक किसान सभा में हुई हिंसा के बाद गिरफ्तार किए गए लोगों के प्रति समर्थन व्यक्त करने के लिए किया गया था।
केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और वह अगले 50 वर्षों में दोबारा सत्ता में नहीं आ पाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘लोगों को जेल भेजने के अलावा भाजपा को और कुछ नहीं आता। गुजरात के लोगों ने 75 साल में इतनी क्रूर, अत्याचारी और अहंकारी सरकार कभी नहीं देखी। आज किसान बहुत गुस्से में हैं।
ये भाजपा वाले बिल्कुल कायर हैं। वे पुलिस के पीछे छिपते हैं।” दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यदि आप सिर्फ एक दिन के लिए पुलिस सुरक्षा हटाते हैं, तो ये किसान भाजपा नेताओं को उनके घरों से बाहर निकालकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटेंगे। किसान उन्हें इतनी बुरी तरह पीटेंगे कि उन्हें छिपने की कोई जगह नहीं मिलेगी।”
सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि इस दिग्गज नेता ने अंग्रेजों के खिलाफ इसी तरह के किसान आंदोलनों का नेतृत्व किया था, लेकिन उन्होंने कभी लाठीचार्ज नहीं किया और न ही किसानों को जेल भेजा।
उन्होंने कहा, ‘‘सरदार पटेल ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि आजादी के बाद उनके अपने देश में इतनी भ्रष्ट, अत्याचारी और दमनकारी भाजपा सरकार सत्ता में आएगी। एक ऐसी सरकार जो अपने ही किसानों पर लाठीचार्ज करेगी, उन पर आंसू गैस के गोले छोड़ेगी, उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करेगी और उन्हें जेल भेज देगी।”