बिहार : विधानसभा चुनाव 2025 की रणभेरी बजते ही राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन ने आज पटना में अपने संयुक्त घोषणा पत्र (संकल्प पत्र) को औपचारिक रूप से जारी कर दिया। यह कार्यक्रम पटना के एक प्रमुख होटल में आयोजित किया गया, जहां केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री एवं हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के नेता जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा सहित एनडीए के अन्य प्रमुख नेताओं ने मंच साझा किया।
यह संकल्प पत्र बिहार के आगामी पांच वर्षों के विकास एजेंडे पर केंद्रित है, जिसमें स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, शिक्षा और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया गया है। कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे शुरू हुआ, जहां जेपी नड्डा ने कहा, “यह संकल्प पत्र बिहार की जनता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बिहार ने जो प्रगति हासिल की है, उसे हम और तेजी से आगे बढ़ाएंगे।” मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि यह दस्तावेज राज्य की समृद्धि और समावेशी विकास का ब्लूप्रिंट है।
यह घोषणा पत्र विपक्षी महागठबंधन (आरजेडी-कांग्रेस गठबंधन) द्वारा 28 अक्टूबर को जारी किए गए ‘तेजस्वी प्रण पत्र’ के जवाब के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें विपक्ष ने हर परिवार में एक नौकरी का वादा किया था। एनडीए नेताओं ने विपक्ष के वादों को “खोखले” बताते हुए कहा कि उनकी सरकार के पिछले कार्यों (जैसे सात निश्चय योजना) ही बिहार की असली ताकत हैं।
- यहां जाने NDA के संकल्प पत्र में क्या है खास…
- 1 करोड़ सरकारी नौकरी एवं रोजगार
- कौशल जनगणना करके कौशल आधारित रोजगार प्रदान किए जाएंगे
- हर जिले में मेगा स्किल सेंटर स्थापित करके बिहार को ग्लोबल स्किलिंग सेंटर के रूप में स्थापित किया जाएगा
- मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की सहायता राशि दी जाएगी।
- 1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया जाएगा।
- ‘महिला मिशन करोड़पति’ के माध्यम सेचिह्नित महिला उद्यमियों को करोड़पति बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
- अति पिछड़ा वर्ग के विभिन्न व्यावसायिक समूहों को ₹10 लाख की सहायता दी जाएगी।
- हर किसान का सम्मान, हर फसल का सही दाम
- 5 मेगा फूड पार्क स्थापित किए जाएंगे और कृषि निर्यात दोगुना किया जाएगा।
- 2030 तक दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता प्राप्त की जाएगी।
- 7 एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे।
- 3600 कि.मी. रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण किया जाएगा।
- अमृत भारत एक्सप्रेस एवं नमो रैपिड रेल सेवा का विस्तार किया जाएगा।
- 4 नए शहरों में मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी।
- आधुनिक शहरी विकास एवं कनेक्टिविटी
- ‘न्यूपटना’ में ग्रीनफील्ड शहर और प्रमुख शहरों में सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएगी।
- मां जानकी की जन्मस्थली को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी ‘सीतापुरम’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
- 10 नए शहरों से घरेलू उड़ानें शुरू की जाएंगी।
- औद्योगिक क्रांति की गारंटी और न्यू-ऐज इकोनॉमी
- विकसित बिहार औद्योगिक मिशन के अंतर्गत ₹1 लाख करोड़ के निवेश से औद्योगिक क्रांति लाई जाएगी।
- विकसित बिहार इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट मास्टर प्लान बनाया जाएगा।
- न्यू-ऐज इकोनॉमी के तहत ₹50 लाख करोड़ का निवेश आकर्षित किया जाएगा।
- मुफ्त राशन
- 125 यूनिट मुफ्त बिजली
- ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज
- 50 लाख नए पक्के मकान