यूपी : प्रदेश के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 30 और 31 अक्तूबर तक वाराणसी, मिर्जापुर मंडल समेत पूर्वांचल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, 31 जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। बारिश के चलते राज्य के अधिकांश इलाकों में दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इटावा में अधिकतम तापमान 20°C और हरदोई में 21°C दर्ज किया गया — जो सामान्य से करीब 10 डिग्री कम है।
राजधानी लखनऊ में रातभर चली तेज हवाओं और बारिश के कारण मौसम में ठंडक बढ़ गई है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 25.4°C रिकॉर्ड किया गया, जो अक्टूबर महीने में पिछले तीन वर्षों का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले 2024 में 31.2°C, 2023 में 27.7°C और 2022 में 24.3°C दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश जारी रह सकती है। दिन और रात के तापमान क्रमशः 30°C और 20°C के आसपास रहने की संभावना है।