आधार कार्ड से लेकर बैंक अकाउंट तक… 1 नवंबर से बदल जाएंगे सभी नियम, जानिए पूरी व्यवस्था

नई दिल्ली : 1 नवंबर 2025 से देशभर में आधार कार्ड से जुड़ी कई बड़ी नई व्यवस्थाएं लागू होने जा रही हैं। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार सेवाओं को ज्यादा तेज, आसान और सुरक्षित बनाने के लिए नए नियमों का ऐलान किया है।

अब आपको सिर्फ एक क्लिक में अपने आधार की कई अहम जानकारियों – जैसे नाम, पता, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर – को घर बैठे ही अपडेट करने की सुविधा मिलेगी। पहले जहां इन बदलावों के लिए लोगों को आधार केंद्रों या दुकानों के चक्कर लगाने पड़ते थे, वहीं अब यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन की जा सकेगी। इस कदम से लाखों लोगों को समय और पैसे दोनों की बचत होगी।

UIDAI के नए सिस्टम के तहत किसी भी जानकारी को अपडेट करने के लिए आपको अपनी पहचान साबित करनी होगी। इसके लिए आप पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड या जन्म प्रमाण पत्र जैसे मान्यता प्राप्त सरकारी दस्तावेजों का उपयोग कर सकेंगे।

नई इंटरलिंक्ड वेरिफिकेशन प्रणाली से न केवल आपका डेटा तुरंत अपडेट होगा, बल्कि उसकी सुरक्षा भी और मजबूत की जाएगी। इसके साथ ही आधार सेवा केंद्रों पर लगने वाली फीस की संरचना में भी बदलाव किया गया है। अब कार्डधारक अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों विकल्पों में से किसी को चुन सकते हैं।

सरकार ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि 31 दिसंबर 2025 तक आधार और पैन को लिंक कराना जरूरी है। यदि इस तारीख तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की गई तो 1 जनवरी 2026 से आपका पैन कार्ड अमान्य माना जाएगा। नए पैन कार्ड के लिए आवेदन करते समय अब आधार नंबर देना अनिवार्य होगा।

बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर के लिए KYC Know Your Customer) सिस्टम को भी आधुनिक बनाया गया है। अब ग्राहक अपनी पहचान ओटीपी, वीडियो कॉल या आमने-सामने वेरिफिकेशन के जरिए पूरी कर सकते हैं। इससे प्रक्रिया कागज़-मुक्त, तेज़ और सुरक्षित बन जाएगी।