नई दिल्ली : दिल्ली के गांधी विहार में UPSC तैयारी कर रहे रामकेश मीणा की हत्या में उनकी लिव-इन पार्टनर अमृता चौहान और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया गया. अमृता चौहान का आरोप है कि मृतक रामकेश ने उसकी अश्लील फोटो और वीडियो खींची थी और उसे लैपटॉप में रखा हुआ था. जब अमृता ने फोटो और वीडियो डिलीट करने को कहा रामकेश ने मना कर दिया, जिसके बाद हत्या का प्लान बना. अमृता ने हत्या को हादसा दिखाने के लिए कई क्राइम सीरीज देखी थीं, जिससे उसे आइडिया आया.!
वहीं, मृतक के परिवार ने घटना को संदिग्ध बताया तो पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले. यहीं से सामने आया अमृता चौहान का नाम, जिसका मोबाइल लोकेशन घटना वाली रात उसी इलाके में था. इसके बाद मामला आगजनी से सीधा हत्या में तब्दील कर दिया गया.
लगातार छापेमारी के बाद 18 अक्टूबर को पुलिस ने अमृता को मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने उसने अपनी साजिश की पूरी दास्तां बयां की. उसने बताया कि यह हत्या उसने अपने पूर्व प्रेमी सुमित कश्यप और साथी संदीप कुमार के साथ मिलकर की थी. अमृता ने कहा कि मृतक के पास उसकी आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें एक हार्ड डिस्क में थीं, जिन्हें मिटाने से रामकेश ने मना कर दिया था. बस यहीं से शुरू हुई थी इस खतरनाक साजिश की इबारत.
पुलिस के मुताबिक, तीनों ने 5 और 6 अक्टूबर की दरम्यानी रात रामकेश का गला दबाकर मार डाला. इसके बाद कमरे में घी, तेल और वाइन डालकर आग लगा दी. सुमित, जो गैस सिलिंडर का डिस्ट्रीब्यूटर था, उसने सिलिंडर खुला छोड़ दिया ताकि धमाका हो और सबकुछ दुर्घटना जैसा लगे. कुछ देर बाद तेज धमाके के साथ पूरा कमरा जल उठा और रामकेश की लाश पहचान से परे हो गई.
अमृता की निशानदेही पर पुलिस ने हार्ड डिस्क, ट्रॉली बैग और मृतक की शर्ट बरामद की है. साथ ही वारदात में इस्तेमाल दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. पुलिस अब तीनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि, क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल था?