लखनऊ : लखनऊ के आलमबाग में स्थित रेलवे अस्पताल में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे अस्पताल में धुआं ही धुआं भर गया. आनन-फानन में अस्पताल से 22 मरीजों को बाहर निकाला गया, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया. ये घटना आज सुबह क़रीब साढ़े पाँच बजे की बताई जा रही हैं. फ़िलहाल हालात काबू में हैं. आग कैसे लगी इसकी सही वजह अब तक नहीं मिल पाई है.
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, अस्पताल के भूतल पर बने सीसीटीवी सर्वर रूम में कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट के बाद धुआं उठा। कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। सीसीटीवी और सर्वर उपकरणों में लगी वायरिंग आग की चपेट में आ गई। अस्पताल के फर्स्ट फ्लोर पर बने सीसीयू यूनिट धुआं भर गया।
तीन मंजिला अस्पताल में फायर अलार्म बजने लगे। मरीज और उनके परिजन दहशत में आ गए। आग की सूचना सुबह 5.38 बजे फायर कंट्रोल रूम को दी गई। दमकल की टीम 5.48 बजे मौके पर पहुंची और तेजी से राहत-बचाव कार्य शुरू किया। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
फायर यूनिट की दो गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। फायरमैंस ने रैंप और सीढ़ियों के रास्ते सभी 22 मरीजों को बाहर निकाला। गंभीर और बुजुर्ग मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्हें अस्थायी रूप से दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। ऑक्सीजन सपोर्ट और मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई।
आलमबाग फायर स्टेशन प्रभारी धर्मपाल सिंह ने बताया कि 1 घंटे के अंदर आग पर पूरी तरीके से काबू पा लिया गया। आलमबाग और हजरतगंज फायर स्टेशन से एक-एक गाड़ियां पहुंची थी। मरीज को रेस्क्यू कर कर दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया।बताया जा रहा है कि आग की वजह से सर्वर रूम पूरी तरह से जलकर राख हो गया।