कोलकाता : भारत और चीन के बीच सीधी हवाई सेवा फिर से शुरू हो गई है। इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान के साथ ही दोनों एशियाई दिग्गजों के बीच व्यापार, पर्यटन और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ावा देने के लिए यह सेवा दोबारा बहाल हुई है।
इंडिगो के विमान 6E1703 ने रविवार रात 10:07 बजे कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से चीन के ग्वांगझू के लिए उड़ान भरी। यह फ्लाइट ग्वांगझू बैयुन अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्थानीय समयानुसार सुबह 4:05 बजे पहुंचेगी।
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने इस ऐतिहासिक उड़ान का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए सेवा शुरू होने की पुष्टि की।इस सेवा को फिर से शुरू करने का मुख्य उद्देश्य व्यापार, पर्यटन और लोगों के बीच संपर्क (People-to-People Contact) को आसान बनाना है जो पिछले 5 वर्षों से ठप पड़ी थी।
नई उड़ानें फिलहाल सप्ताह में तीन दिन चलेंगी, लेकिन मांग बढ़ने पर संख्या बढ़ाई जा सकती है. यह कदम छात्रों, बिजनेस यात्रियों और परिवारों के लिए बड़ी राहत है, जो पांच साल से सीधी कनेक्टिविटी से वंचित थे. 2020 से पहले हर साल 10 लाख से ज्यादा लोग भारत-चीन के बीच सीधी या कनेक्टिंग फ्लाइट्स से यात्रा करते थे. एक वरिष्ठ व्यापार विश्लेषक ने कहा कि ‘यह हवा में छोटा कदम है, लेकिन जमीन पर बड़ा संकेत- कि दोनों देश पुराने विवादों के बावजूद सहयोग की नई शुरुआत आजमा रहे हैं.’