नई दिल्ली :आज रविवार (26 को छठ पूजा के दूसरे दिन खरना में व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने छठ की शुभकामनाएं दी हैं.
पीएम मोदी ने आज एक्स पर पोस्ट कर सभी को महापर्व छठ के खरना पूजा की शुभकामनाएं दी. उन्होंने सभी व्रतियों को सादर नमन किया. पीएम मोदी ने कहा कि श्रद्धा और संयम के प्रतीक इस पावन अवसर पर गुड़ से तैयार खीर के साथ ही सात्विक प्रसाद ग्रहण करने की परंपरा रही है. मेरी कामना है कि इस अनुष्ठान पर छठी मइया हर किसी को अपना आशीर्वाद दें.
देश की राजधानी दिल्ली में भी छठ महापर्व की धूम है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी मंगलवार को छठ पूजा के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए वासुदेव घाट जा सकते हैं. इससे पहले पिछले महीने भी पीएम मोदी ने महाअष्टमी के दिन दक्षिण दिल्ली के चित्तरंजन पार्क में दुर्गा पूजा में हिस्सा लिया था.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि छठ पूजा में ‘खरना’ का अत्यंत पावन महत्व है. ‘खरना’ से ही छठी मैया के व्रत, उपासना और आराधना की शुरुआत होती है. यह पावन अवसर आप सभी के जीवन में कल्याण का माध्यम बने.
खरना के दिन सूर्यास्त के बाद पूजा के साथ 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू होता है, जो छठ महापर्व का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है. इस व्रत में व्रती बिना पानी और भोजन के सूर्य देव की आराधना करते हैं. खरना की पूजा के बाद व्रती प्रसाद के रूप में गुड़ की खीर और रोटी ग्रहण करते हैं, जिसके बाद वे अगले दिन सूर्योदय तक कोई भोजन या जल नहीं लेते. यह निर्जला व्रत भक्तों की दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मसंयम और भक्ति का प्रतीक है, जो सूर्य देव और छठी मइया के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा को दर्शाता है.