अलविदा हंसी के बादशाह सतीश शाह जी, 74 साल की उम्र में निधन, इंडस्ट्री में शोक की लहर

मुंबई: बॉलीवुड और टीवी जगत के फेमस एक्टर सतीश शाह का शनिवार को निधन हो गया है. 74 साल की उम्र में आज दोपहर 2.30 बजे उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली. बताया जा रहा है कि सतीश शाह लंबे समय से किडनी से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे. सतीश शाह की मौत की खबर से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को एक और बड़ा झटका लगा है और पूरे माहौल में मातम पसर गया है. अभिनेता का अंतिम संस्कार 26 अक्टूबर को किया जाएगा और फिलहाल उनका पार्थिव शरीर अस्पताल में ही रखा गया है.

सतीश शाह ने अपने करियर में कई फिल्मों और टीवी शोज में काम किया और अपनी एक खास पहचान बनाई. हालांकि, उन्हें घर-घर में सबसे ज्यादा प्रसिद्धि पॉपुलर टीवी शो ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में निभाई गई भूमिका से मिली. इस कॉमेडी शो में उन्होंने इंद्रवदन साराभाई उर्फ इंदु का किरदार निभाया था. इसे दर्शकों ने खूब पसंद किया. इस कॉमेडी शो में उनके काम को आज भी सराहा जाता है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शो से उनके मजेदार क्लिप्स अक्सर वायरल होते रहते हैं.

आपको बात दें कि सतीश शाह का जन्म गुजरात के मांडवी में हुआ था. अपनी शुरूआती पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने जेवियर कॉलेज से पढ़ाई की थी. इसके बाद उन्होंने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से एडमिशन लिया था. उनकी शादी 1972 में डिजाइनर मधु शाह से हुई थी. उन्होंने अपने करियर की शुरूआत बॉलीवुड की फिल्म से की थी और पहली फिल्म ‘भगवान परशुराम’ थी. इसके बाद उन्होंने कई फिल्माें में काम किया. इनमें उमराव जान, गमन, अजीब दास्तान, जाने भी दो यारों, शक्ति और विक्रम बेताल जैसी फिल्मों काम किया.