‘आजाद वेनेजुएला में मोदी की मेजबानी करना चाहती हूं’, नोबेल विजेता मचाडो ने और क्या कहा?

नई दिल्ली : वेनेजुएला में लोकतंत्र की स्थापना के लिए संघर्ष कर रही मारिया कोरीना माचादो ने भारत को एक महान लोकतंत्र बताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को वेनेजुएला आने का निमंत्रण देने की इच्छा जताई।

2025 की नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मारिया कोरीना माचादो, पिछले 20 सालों से वेनेजुएला में लोकतंत्र बहाली की लड़ाई लड़ रही हैं उन्होंने भारत की जमकर तारीफ की है। एक गुप्त स्थान से टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में (क्योंकि वह पिछले 15 महीनों से छिपकर रह रही हैं) माचादोने कहा, “भारत एक महान लोकतंत्र है और दुनिया के लिए एक उदाहरण है। लोकतंत्र को कभी भी हल्के में नहीं लेना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि भारत, वेनेजुएला का एक बड़ा सहयोगी बन सकता है जब देश में शांतिपूर्ण ढंग से सत्ता परिवर्तन होगा। माचादो ने यह भी कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करने और जल्द ही ‘स्वतंत्र वेनेजुएला’ में उन्हें आमंत्रित करने की उम्मीद करती हैं।

माचादो ने भारत के प्रति अपना गहरा सम्मान जताते हुए कहा, “मैं पूरे दिल से भारत की प्रशंसा करती हूं। मेरी बेटी बाल ही में भारत गई थी और उसे यह देश बहुत पसंद आया।” उन्होंने बताया कि उनके कई वेनेजुएलन मित्र भारत में रहते हैं और वह खुद भारतीय राजनीति को नजदीक से फॉलो करती हैं।

2024 के राष्ट्रपति चुनावों पर बोलते हुए माचादो ने दावा किया कि निकोलस मादुरो सरकार ने चुनाव चुरा लिया। उन्होंने कहा, “28 जुलाई 2024 को हमने भारी बहुमत से जीत दर्ज की थी। मुझे विपक्ष का उम्मीदवार चुना गया था, लेकिन मादुरो शासन ने मुझे चुनाव लड़ने से रोक दिया।”