नई दिल्ली :सालों से देशभर के लोग ओला-ऊबर जैसी ऐप-आधारित टैक्सी सेवाओं की दादागिरी से परेशान थे. कभी मनमाने किराये, कभी अचानक राइड रद्द, तो कभी सर्ज प्राइसिंग के नाम पर लूट. केंद्र सरकार के सहकारिता मंत्रालय द्वारा समर्थित ‘भारत टैक्सी’ सेवा की शुरुआत अगले महीने यानी नवंबर 2025 के अंत में दिल्ली से होगी। इसके बाद गुजरात के राजकोट और फिर महाराष्ट्र में इस सेवा को शुरू किया जाएगा। मंत्रालय के अनुसार, नवंबर में भारत टैक्सी का ट्रायल शुरू होगा, जबकि दिसंबर 2025 के अंत तक केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह इसे पूरे देश में आधिकारिक रूप से लॉन्च करेंगे।
भारत टैक्सी का मोबाइल ऐप नवंबर तक गूगल प्ले स्टोर और ऐप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध होगा। इसके लिए आवेदन पहले ही जमा किए जा चुके हैं। अब तक भारत टैक्सी ने करीब 650 ड्राइवरों को अपने साथ जोड़ा है और अगले तीन महीनों में 5,000 से अधिक ड्राइवरों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। यह सेवा सब्सक्रिप्शन मॉडल पर काम करेगी, जिसमें कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा, और ड्राइवरों को किराए से होने वाली पूरी कमाई अपने पास रखने की अनुमति होगी।
भारत टैक्सी सेवा का उद्देश्य ड्राइवरों और यात्रियों दोनों को लाभ पहुंचाना है। पारदर्शी मूल्य निर्धारण और बिचौलियों की भूमिका खत्म करने से यह सेवा ओला और उबर जैसी निजी कंपनियों को टक्कर देगी। इस पहल के साथ सरकार यात्री सेवा के बाजार में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराएगी।