सिवान में लालू परिवार पर बरसे अमित शाह, बोले- 100 शहाबुद्दीन आ जाए फिर भी किसी का बाल बांका नहीं होगा

बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सिवान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोगों को लालू यादव के शासन काल की याद दिलाई. उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद शहाबुद्दीन ने सिवान को लहूलूहान कर दिया था. उन्होंने एनडीए सरकार के कामों को गिनाया और कहा कि उनकी पार्टी ये चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ रही है.

लालू यादव पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि मैंने बिहार भाजपा को बोला था कि सिवान में मेरा दौरा होना चाहिए. लालू राबड़ी के जंगलराज को सिवान की धरती ने सहा है. लेकिन सिवान के लोग झुके नहीं. उस दौर में पुलिस पदाधिकारी पर हमला किया गया.

व्यवसायी के बेटे को तेजाब से नहलाया गया, तब भी सिवान की जनता शहाबुद्दीन के सामने नहीं झुकी. ओमप्रकाश जी ने शहाबुद्दीन से लड़ा है. इसी शहाबुद्दीन के बेटे को लालू ने रघुनाथपुर से पीठ थपथपाने का काम किया. स्वयं शहाबुद्दीन आ जाए तो भी किसी का बाल बाका नहीं हो पाएगा.

इस दौरान उन्होंने जनता से कहा कि अब बिहार में जंगलराज को नहीं आने देंगे, ओसामा को नहीं जीतने देंगे. शहाबुद्दीन के विचारधारा को बढ़ने नहीं देंगे, इस सिवान को शहाबुद्दीन ने लहूलुहान किया था और नरेंद्र मोदी जी ने बिहार को विकास की पटरी पर चढ़ाया. महागठबंधन में सीट का बंटवारा ठीक से नहीं हो पाया. फिर से एक बार लालू को जवाब देने का समय आ गया है.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. उन्होने कहा, “राहुल बाबा कहते हैं कि घुसपैठियों को बिहार में रहने दो. सिवानवालों मुझे बताइए, घुसपैठियों को बिहार से निकालना चाहिए या नहीं निकालना चाहिए? मतदाता सूची में घुसपैठिए होने चाहिए क्या? फिर से एक बार NDA सरकार बना दीजिए, एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर देश से बाहर करने का काम हमारी सरकार करेगी.”