उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में अब एक्सप्रेस-वे पर सफर करने वालों को एक और बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। अक्सर देखा जाता है कि लंबी दूरी तय करने वाली बसों और गाड़ियों में अचानक आग लगने की घटनाएं होती हैं, जिनमें जनहानि भी हो जाती है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि राज्य के सभी प्रमुख एक्सप्रेस-वे पर हर 100 किलोमीटर की दूरी पर एक फायर चौकी बनाई जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अग्निशमन विभाग की समीक्षा बैठक में ये निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों और आगजनी की घटनाओं में जनहानि को रोकने के लिए गोल्डन ऑवर के भीतर कार्रवाई बेहद जरूरी है। इसलिए एक्सप्रेस-वे पर हर सौ किलोमीटर पर छोटी फायर चौकी बनाई जाएगी।
सीएम ने कहा कि फायर सर्विस को केमिकल, बायोलॉजिकल और रेडियोलॉजिकल दुर्घटनाओं के साथ-साथ सुपर हाईराइज बिल्डिंग्स में आग से निपटने के लिए विशेष यूनिट गठित करनी होगी। इन टीमों को आधुनिक उपकरणों और उन्नत प्रशिक्षण से लैस किया जाएगा।
बैठक में 98 राजपत्रित और 922 अराजपत्रित नए पदों के सृजन पर भी सहमति बनी है। इससे विभाग की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और जनसेवा की गति तेज़ होगी। इसके अलावा, हर जनपद में अकाउंट कैडर स्थापित करने तथा राज्य अग्निशमन प्रशिक्षण महाविद्यालय में अतिरिक्त पदों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।