भारतीय टीम वीमेंस वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में, करो या मरो के मैच में प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना ने बिखेरा जलवा

हैदराबाद : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को 53 रनों से हराकर आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. भारत सेमीफाइनल में पहुंचने वाली ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बाद चौथी टीम बन गई है. इसके साथ ही बांग्लादेश, पाकिस्तान, श्रीलंका और न्यूजीलैंड महिला वर्ल्ड कप से पूरी तरह बाहर हो चुकी हैं.

वर्ल्ड कप के 24वें मैच में टॉस हारने के बाद भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बारिश से बाधित मैच में 49 ओवर में 3 विकेट खोकर 340 रन बनाए. न्यूजीलैंड की टीम को जीत के लिए बारिश के खलल के चलते डीएलएस के कारण 44 ओवर में जीत के लिए 325 रन बनाने का लक्ष्य मिला, जो वो सफलतापूर्वक हासिल नहीं कर पाई. न्यूजीलैंड 44 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 271 रन बना पाई और 53 रनों से हार गई.

इस मैच में न्यूजीलैंड के लिए पारी की शुरुआत करने के लिए सूजी बेट्स और जॉर्जिया प्लिमर आए. भारत की ओर से पहला ओवर रेणुका सिंह ठाकुर ने डाला. लेकिन क्रांति गौड़ ने भारत को पहली सफलता दिलाई. उन्होंने सूजी बेट्स को 1 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजकर न्यूजीलैंड की शुरुआत निराशाजनक कर दी. इसके बाद रेणुका ठाकुर ने पहले जॉर्जिया प्लिमर को 30 और सोफी डिवाइन को 6 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा.

टीम के लिए अमेलिया कर ने 53 बॉल में 4 चौकों के साथ 45 रनों का योगदान दिया. तो वहीं ब्रुक हॉलिडे ने 84 बॉल पर 9 चौके और 1 छक्के के साथ 81 रन बनाए और टीम की टॉप स्कोरर रहीं, लेकिन वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाईं. भारत के लिए रेणुका सिंह ठाकुर और क्रांति गौड़ ने 2-2 विकेट हासिल किए. जबकि स्नेहा राणा, श्री चरणी, दीप्ति शर्मा और प्रतिका रावल को एक-एक विकेट मिला. इस मैच में स्मृति मंधाना को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

इससे पहले भारत के लिए स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने पहले विकेट के लिए 33.2 ओवर में 212 रन जोड़े. भारत के लिए दोनों सलामी बल्लेबाजों ने शतक लगाए. मंधाना ने 95 बॉल में 10 चौके और 4 छक्कों के साथ 109 रनों की तूफानी पारी खेली. तो वहीं प्रतिका रावल ने 134 बॉल में 13 चौके और 2 छक्कों के साथ 122 रनों की पारी खेली.