दुनिया की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी में नौकरियां खाएगा रोबोट -6 लाख लोगों की नौकरी खत्म

न्यूयॉर्क : आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस यानी AI की हो या फिर ह्यूमन एंप्‍लॉयीज की जगह रोबोट्स के प्रयोग की हो, ज्‍यादातर ऑर्गेनाइजेशंस अपने कामकाज के तरीकों में बड़ा बदलाव ला रहे हैं. इसी कड़ी में अब अमे‍जन का नाम भी जुड़ गया है.

न्यूयॉर्क टाइम्स के हाथ कुछ ऐसे डॉक्‍यूमेंट्स लगे हैं जिनसे पता चलता है कि अमेजन ने साल 2033 तक अमेरिका में 6 लाख से ज्‍यादा नौकरियों में रोबोट्स की तैनाती करने का प्‍लान रेडी कर लिया है. ये वही पोस्‍ट्स होंगी जिन पर अब तक कंपनी इंसानों की नियुक्ति करती है. साफ है कि आने वाली नौकरियों पर बड़ा संकट आने वाला है.

इस प्‍लानिंग के तहत अमेजन का मकसद है कि गोदामों और डिलीवरी सिस्टम में मानव श्रम पर निर्भरता कम की जाए. साथ ही इस पूरी प्रक्रिया को AI और रोबोटिक्स टेक्‍नोलॉजी से ज्‍यादा कुशल और तेज बनाया जाए. विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम न सिर्फ लागत घटाएगा बल्कि भविष्य में नौकरियों के स्वरूप को भी पूरी तरह बदल सकता है.

डॉक्‍यूमेंट्स पर अगर यकीन करें तो अमेजन की रोबोटिक्स टीम कंपनी के कुल ऑपरेशनल कॉस्‍ट करीब 75 फीसदी हिस्सा ऑटोमेशन करने पर काम कर रही है. इसके तहत कंपनी 2027 तक करीब 1,60,000 नौकरियों को खत्‍म करने की योजना बना रही हैं जहां पर अब तक इंसानों को प्रयॉरिटी दी जाती है.

अनुमान है कि 2025 से 2027 के बीच इस ऑटोमेशन से कंपनी करीब 12.6 बिलियन डॉलर (लगभग 1.05 लाख करोड़ रुपये) की बड़ी बचत कर सकती है. इस कदम से अमेजन अपने ऑपरेशन को अधिक तेज, सटीक और कॉस्‍ट इफैक्टिव बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम तो उठा रही है लेकिन साथ ही यह भविष्य में लाखों नौकरियों पर संकट का की तरफ इशारा भी करता है.