चुनावी वादे : तेजस्वी यादव जनता को बुद्धू बनाना बंद करें’, भाजपा का लालू की पार्टी पर बड़ा हमला

बिहार : बीजेपी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे ‘बड़े-बड़े वादे’ कर बिहार की जनता को मूर्ख बनाने की कोशिश कर रहे हैं. पार्टी ने लोगों से ‘महागठबंधन की चाल या किसी भी नई प्रयोगात्मक राजनीति’ में फंसने के बजाय राजग के ‘जांचे-परखे’ नेतृत्व को अपना जनादेश देने का आह्वान किया।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने तेजस्वी यादव के चुनावी वादों को एक ‘क्रूर मजाक’ करार दिया। उन्होंने ‘बड़े-बड़े वादे’ करने के लिए राजद नेता की ‘नीयत’ पर सवाल उठाए, जिसके लिए बिहार सरकार के वर्तमान बजट से कहीं अधिक धन की आवश्यकता होगी।

चुनावी वायदे के अनुसार जिन परिवारों के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी उनकी संख्या लगभग 2.90 करोड़ होगी। इनका वेतन 30,000 रुपये से दो लाख रुपये तक होगा।

उन्होंने कहा कि यदि उनका अनुमानित औसत वेतन 75,000 रुपये के आसपास होता है, तो इस मद में लगभग 29 लाख करोड़ रुपये व्यय आएगा। जबकि बिहार का वर्तमान बजट लगभग 3,17,000 करोड़ है।

त्रिवेदी ने कहा कि तेजस्वी यादव, आप बुद्ध की धरती बिहार के लोगों को बुद्धू बनाना बंद करें। भाजपा नेता ने लोगों से समझदारी से काम लेने और राजद के ऐसे वादों में न फंसने की अपील की।

उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे राजद नेता पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तेजस्वी यादव ने कहा कि 10 लाख से 20 लाख लोगों को नौकरी दी जायेगी, तो उनके मनोभाव को समझिए। ऐसा कहने से उनका मतलब था कि 10 लाख और 20 लाख रुपये में नौकरी दी जाएगी। और अगर ऐसा संभव नहीं हुआ, तो वह जमीन ले लेंगे।