अयोध्या : अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के साथ ही श्रधालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है. जिसके चलते इस वर्ष अयोध्या आने वाले श्रधालुओं का रिकॉर्ड भी टूट चुका है. जनवरी से जून 2025 तक 23 करोड़ से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे हैं . अभी दीपोत्सव महोत्सव में ये संख्या और बढ़ने के आसार हैं. जिसको लेकर स्थानीय प्रशासन ने खासा इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को कहीं कोई दिक्कत न हो.
अयोध्या में वर्ष 2017 से दीपोत्सव प्रारंभ हुआ है. इस बीच यहां 1,78,32,717 भारतीय एवं 25,141 विदेशी पर्यटक अयोध्या पहुंचे. इस प्रकार वर्ष 2017 में कुल 1,78,57,858 श्रद्धालुओं ने रामनगरी में दर्शन-पूजन किया. दीपोत्सव के दूसरे वर्ष 2018 में 1,95,34,824 भारतीय एवं 28,335 विदेशी नागरिकों ने रामनगरी में दर्शन किया. इस प्रकार कुल मिलाकर 1,95,63,159 लोगों ने वर्ष 2018 में अयोध्या में दर्शन-पूजन किया.
2021 में कुल 1,57,43,390 श्रद्धालु अयोध्या दर्शन के लिए आए. इसी क्रम में वर्ष 2022 में 2,39,09,014 भारतीय एवं 1465 विदेशी पर्यटक अयोध्या पहुंचे. कुल मिलाकर 2,39,10,479 पर्यटक अयोध्या दर्शन के लिए यहां पहुंचे. वर्ष 2023 में भारतीय 5,75,62,428 और 8468 विदेशी पर्यटक आए. इस तरह कुल 5,75,70,896 श्रद्धालु अयोध्या दर्शन के लिए पहुंचे. इसके बाद 2024 में 16,43,93,474 भारतीय और 26048 विदेशी श्रद्धालु आए. इस तरह कुल 16,44,19,522 लोगों ने अयोध्या दर्शन किए.
29 लाख दिए 56 घाटों पर
दीपोत्सव के दौरान रविवार 19 अक्टूबर को सरयू नदी के 56 घाटों पर 28 लाख दिए सजाये जाएंगे. घाट संख्या 10 पर 80 हजार दीयों से स्वास्तिक बनाया जाएगा. इसके लिए 33 हजार वालंटियर्स तैनात किए गए हैं. दियो में तेल भरने के लिए सरसों के तेल की एक-एक बोतल दी गयी है. सभी वालंटियर्स को सूती कपड़ों में ही आने के निर्देश हैं और बिना पहचान पत्र के किसी की भी एंट्री नहीं है.