30 साल पहले दिवाली पर आई शाहरुख की ये ब्लॉकबस्टर फिल्म, आज भी सिनेमाघर में देख रहे हैं लोग!

नई दिल्ली : दिवाली खुशियों, प्यार और मिलन का त्योहार है. दिवाली पर कोई न कोई बड़ी फिल्म रिलीज होती है. छुट्टी का समय, लोगों का उत्सवी मूड सब कुछ बॉलीवुड के लिए खास होता है. 1995 में रिलीज हुई एक फिल्म ने जो कमाल किया है वो कोई और फिल्म आज तक नहीं कर पाई. उस फिल्म की वजह से 1995 की दिवाली न सिर्फ बॉलीवुड बल्कि हिंदी फिल्म लवर्स के लिए भी खास बन गई थी. हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं वो फिल्म दिवाली पर अब तक रिलीज हुई फिल्मों में सबसे बड़ी हिट और यादगार फिल्म रही है.

हम बात कर रहे हैं आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म DDLJ यानी कि दिल वाले दुल्हनिया ले जाएंगे की. शाहरुख खान और काजोल की रोमांटिक स्टोरी से सजी इस मूवी का बजट महज 4 करोड़ रू था. लेकिन इस छोटे से बजट वाली फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई की. उस समय की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत में फिल्म ने करीब 89 करोड़ रु.की ग्रॉस कमाई की थी. जबकि विदेशों में इसने लगभग 13.50 करोड़ रु का बिजनेस किया. यानी कुल मिलाकर फिल्म की कमाई लगभग 102.5 करोड़ रु. पहुंच गई थी. जो उस वक्त किसी भी हिंदी फिल्म के लिए रिकॉर्ड थी. यानी दिवाली के पटाखों से ज़्यादा धमाका इस फिल्म ने सिनेमाघरों में किया था.

दर्शक सिनेमाघरों से मुस्कुराते हुए निकले, और कई लोगों ने तो इसे बार बार देखा. दिलचस्प बात ये है कि मुंबई के मराठा मंदिर में ये फिल्म 28 साल से ज्यादा समय तक लगातार चली. इस फिल्म के अलावा ऐसा रिकॉर्ड किसी और बॉलीवुड फिल्म के पास नहीं है.