नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली एक बार फिर सुर्खियों में हैं !ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले उनके सोशल मीडिया पोस्ट ने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है. पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा जोरों पर थी कि विराट और रोहित शर्मा दोनों का यह ऑस्ट्रेलिया दौरा उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की आखिरी सीरीज हो सकता है. अब विराट ने खुद इन अफवाहों पर बड़ा जवाब दिया है.
हाल ही में विराट कोहली ने एक्स पर एक पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा, “आप असलियत में तब ही असफल हो जाते हैं, जब आप खुद हार मानने का फैसला करते हैं.”
विराट के इस पोस्ट को उनके वनडे करियर के भविष्य से जोड़कर देखा जा रहा है. उन्होंने पहले ही टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है, और अब वे सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेल रहे हैं. फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच यह सवाल उठ रहा था कि क्या 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक विराट टीम इंडिया का हिस्सा रहेंगे.
वहीं टीम इंडिया को टेस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली जीत के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के भविष्य की जगह वर्तमान पर ध्यान देना जरूरी है. गंभीर ने कहा, “50 ओवर का वर्ल्ड कप अभी ढाई साल दूर है. हमें इस वक्त के प्रदर्शन पर फोकस करना चाहिए. विराट और रोहित दोनों अनुभवी खिलाड़ी हैं और ऑस्ट्रेलिया में उनका अनुभव टीम के बहुत काम आएगा.”