पटना : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के नामांकन की डेडलाइन में अब सिर्फ 31 घंटे बचे हैं, और इस बीच महागठबंधन में सब कुछ ठीक नहीं दिख रहा है। NDA ने उम्मीदवारों की लिस्ट और नामांकन के मामले में तेजी दिखाई है, जबकि महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर उलझन बरकरार है। इस बीच, असदुद्दीन ओवैसी ने नया गठबंधन बनाकर दोनों गठबंधनों की चुनौती बढ़ा दी है। वहीं, प्रशांत किशोर ने भी साफ कर दिया कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन उनकी पार्टी जनसुराज 243 सीटों पर मजबूती से लड़ेगी।
तेजस्वी यादव बनाम मुकेश सहनी की खींचतान अब अल्टीमेटम तक पहुंच चुकी है — और अगर सहनी नहीं माने, तो VIP की घर वापसी से पहले ही दरवाज़ा बंद हो सकता है।
सूत्रों के मुताबिक़, विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा में कम से कम 24 सीटों की मांग रखी है। लेकिन RJD नेता तेजस्वी यादव अब ज़्यादा झुकने को तैयार नहीं। उन्होंने साफ कर दिया है कि VIP को 15 सीटों से ज्यादा नहीं मिलेंगी।