बिहार विधानसभा चुनाव : जदयू की पहली लिस्ट में 3 दिग्गजों का कटा टिकट, 27 सीटों पर नए प्रत्याशी घोषित

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने 57 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस बार प्रेस कॉन्फ्रेंस की बजाय सीधे सीएम आवास में लिफाफा थमाया गया। इसमें तीन दिग्गज विधायकों को बेटिकट कर दिया गया है। वहीं 57 में 27 सीटों पर जदयू ने अपने प्रत्याशी बदले हैं। चार महिलाओं को टिकट दिया गया है।

लिस्ट में 5 मंत्री और 30 नए चेहरे शामिल हैं, लेकिन कोई मुस्लिम प्रत्याशी नहीं है। इसके अलावा, JDU ने अति पिछड़ा समाज से भी 9 प्रत्याशियों को टिकट दिया है। लिस्ट में 12 दलितों को भी प्रत्याशी बनाया गया है।

JDU की इस रणनीति के पीछे अति पिछड़ा वर्ग को साधने का लक्ष्य है, जो ‘साइलेंट वोटर’ माने जाते हैं और सामाजिक सुरक्षा का वादा करने वाले नेता को चुनते हैं। वहीं, पहली लिस्ट में एक भी मुस्लिम प्रत्याशी को टिकट नहीं दिया गया है।

टिकट वितरण में पुराने सहयोगियों को साधने की कोशिश की गई। समता पार्टी के समय से सहयोगी रहे बैकुंठपुर के पूर्व विधायक मंजीत सिंह को पड़ोस के बरौली क्षेत्र से टिकट दिया गया है, जो उनका गृह क्षेत्र भी है। इसी तरह, बरबीघा, शेखपुरा से डॉ. कुमार पुष्पांजय को टिकट मिला है, जिनके पिता आरपी शर्मा भी पुराने सहयोगी थे। JDU अपने पारंपरिक और आजमाए हुए वोट बैंक को मजबूत कर रही है।