GST Reforms: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि जीएसटी में सुधार एक “संरचनात्मक बदलाव” है। ये सुधार भारत के विकास की कहानी को नई उड़ान देंगे। पीएम के अनुसार ये सुधार जीएसटी पंजीकरण को सरल बनाएंगे, कर विवादों को कम करेंगे और एमएसएमई के लिए रिफंड में तेजी लाएंगे। आइए जानते हैं लोगों को मिलने वाले फायदों पर पीएम नरेंद्र मोदी ने आगे क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जीएसटी दरों में कटौती के मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने के लिए कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि टूथपेस्ट से लेकर ट्रैक्टर तक की कीमतों में लोगों के लिए टैक्स का भार कम हुआ है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों के दौरान “कर लूट” होती थी और लोगों पर भारी करों का बोझ डाला जाता था। उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार शो (यूपीआईटीएस) का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि महज तीन दिन पहले (22 सितंबर) अगली पीढ़ी के वस्तु व सेवा कर (जीएसटी) सुधार लागू किए गए।
भारत के विकास की कहानी को नई उड़ान देंगे जीएसटी सुधार
पीएम ने कहा कि यह एक “संरचनात्मक बदलाव” है। पीएम ने कहा, “ये भारत के विकास की कहानी को नई उड़ान देंगे। उन्होंने कहा कि ये सुधार जीएसटी पंजीकरण को सरल बनाएंगे, कर विवादों को कम करेंगे और एमएसएमई के लिए रिफंड में तेजी लाएंगे, जिससे हर क्षेत्र को लाभ होगा।”