अलीगढ़ में गाड़ियों पर ‘नारा’ लिखना पड़ेगा महंगा: DM के आदेश के बाद पुलिस का जब्तीकरण अभियान शुरू।

अलीगढ़: अगर आप अपनी गाड़ी पर अपनी जाति, धर्म या किसी प्रकार के भड़काऊ नारे लिखकर सड़कों पर टशन दिखाते हैं, तो सावधान हो जाइए। अलीगढ़ के जिलाधिकारी (DM) ने सख्त रुख अपनाते हुए आदेश जारी किया है कि ऐसी गाड़ियों को न केवल भारी चालान थमाया जाए, बल्कि जरूरत पड़ने पर उन्हें सीधे जब्त (Seize) भी कर लिया जाए।

क्या है नया आदेश?

जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़कों पर चलने वाले किसी भी वाहन (दोपहिया या चार पहिया) पर यदि कोई ऐसा स्लोगन, नारा या शब्द लिखा पाया जाता है जो सामाजिक सद्भाव बिगाड़े या यातायात नियमों का उल्लंघन करे, तो उस पर सख्त धाराएं लगाई जाएं।

मुख्य बिंदु:

नंबर प्लेट पर सख्त नजर: नंबर प्लेट पर किसी भी तरह की छेड़छाड़ या उस पर पद, जाति या धर्म का उल्लेख पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई होगी।

बढ़ता गन कल्चर और नारे: सोशल मीडिया पर ‘गन्स’ और ‘जाति विशेष’ के नारों वाली रील और गाड़ियों के बढ़ते चलन को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

सिर्फ चालान नहीं, अब् जब्ती: अब तक ऐसी गाड़ियों का सिर्फ 500 से 2000 रुपये का चालान होता था, लेकिन अब सीधे वाहन जब्त करने के आदेश दिए गए हैं।

प्रशासन का तर्क: डीएम अलीगढ़ के अनुसार, इस तरह के प्रदर्शन से सड़क पर चलते अन्य नागरिकों में असुरक्षा का भाव पैदा होता है और यह सीधे तौर पर मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है।